{"_id":"cb52a16f45c6996758cf7bae342f471f","slug":"hafiz-saeed-behind-infiltration-in-kashmir","type":"story","status":"publish","title_hn":"'हाफिज सईद करवा रहा आतंकियों की घुसपैठ'","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
'हाफिज सईद करवा रहा आतंकियों की घुसपैठ'
अमर उजाला, जम्मू
Updated Wed, 23 Oct 2013 04:44 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सीमा पर घुसपैठ और सीजफायर के उल्लंघन के मामलों पर पाकिस्तान को आड़े हाथों लेते हुए केंद्रीय गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे ने कहा है कि आतंकी सरगना व जमात-उद-दावा प्रमुख हाफिज सईद भारत में घुसपैठ की वारदात को अंजाम दे रहा है और पाकिस्तान सरकार को उसे भारत के हवाले करना चाहिए। उन्होंने दो टूक कहा है कि सीमा पार से न तो घुसपैठ बर्दाश्त की जाएगी और न ही कश्मीर मामले में कोई तीसरा पक्ष।
विज्ञापन
पिछले साल के मुकाबले इस साल घुसपैठ और सीजफायर की बढ़ती घटनाओं पर शिंदे ने चिंता जताई। शिंदे ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि अगर पाक अपनी हरकतों से बाज नहीं आता है, तो उसे मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
विज्ञापन
पाकिस्तान द्वारा लगातार अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा पर गोलाबारी किए जाने के बाद हालात का जायजा लेने के लिए गृहमंत्री शिंदे ने जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के साथ अखनूर, सांबा, कठुआ जैसे इलाकों का हवाई सर्वे किया। यहां पाकिस्तान की ओर से लगातार सीजफायर का उल्लंघन किया जा रहा है। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के अधिकारियों ने गृहमंत्री को सीमा की वस्तुस्थिति से अवगत करवाया।
विज्ञापन
कश्मीर समस्या का हल करने के लिए पाकिस्तान की अमेरिका से हस्तक्षेप की मांग किए जाने पर शिंदे ने साफ कहा, ‘द्विपक्षीय मुद्दों पर किसी भी तीसरे पक्ष का हस्तक्षेप स्वीकार्य नहीं होगा। कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और पाकिस्तान द्विपक्षीय मुद्दों पर सीधे बातचीत कर सकता है। इस मुद्दे पर हमारा रुख स्पष्ट है। यह मामला दो देशों के बीच का है, तीसरा पक्ष स्वीकार नहीं।’
शिंदे ने कहा कि पाकिस्तान पहले अमन कायम कर दोस्ताना संबंध बनाए, तभी किसी तरह की बातचीत हो सकती है। उन्होंने कहा कि जल्द ही डीजीएमओ स्तर की बैठक होगी, जिसमें तमाम मुद्दों को उठाया जाएगा।
सीएपीएफ को पूर्व सैन्य कर्मियों जैसा स्टेटस मिलेगा
सीमा पर तैनात जवानों की हौसलाअफजाई करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि सीमाओं की रक्षा के दौरान उन्हें जिन विपरीत परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है, उससे सरकार अवगत है।
शिंदे ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स (सीएपीएफ) को सरकार का पूरा समर्थन है और उन्हें भी सेना की तरह पूर्व सैन्यकर्मी जैसा स्टेटस दिया जाएगा।
शिंदे बोले, ‘मैंने प्रधानमंत्री को कहा कि सीएपीएफ को पूर्व सैन्यकर्मी जैसी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। इस पर प्रधानमंत्री ने उन्हें इस मुद्दे को कैबिनेट में लाने को कहा। आपको जानकर खुशी होगी कि सीएपीएफ को एक्स सर्विसमैन वाला स्टेटस दे दिया गया है।’