आॅनलाइन कार पसंद कर रहे हैं तो संभल जाए, आपके साथ भी हो सकती है लूट
यदि आप आॅनलाइन कार पसंद करके उसकी डिलीवरी लेने जा रहे हैं तो जरा संभल जाए। कहीं ऐसा ना हो कि लेने के देने पड़ जाए।
अलवर के मालाखेड़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए OLX पर कार बेचने का विज्ञापन देकर लूट करने वाले 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले के अनुसार आरोपियों ने कार बेचने का OLX पर एक विज्ञापन दिया, जिसकी कीमत ढाई लाख रुपए बताई। इस पर आंध्रप्रदेश निवासी ए. मालेश्वर रेड्डी ने कार का सौदा किया और कार लेने अलवर आ पहुंचा। यहां आरोपी ए. मालेश्वर रेड्डी को कुशालगढ़ के जंगलों में ले गए और उससे ढाई लाख रुपए, दो मोबाइल व 3 अंगूठियां लूट ली। इस पर मालाखेड़ा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले में पुलिस ने कनीराम गुर्जर निवासी माधोगढ़ मालाखेड़ा, मेहताब निवासी कडूकी विजय मंदिर अलवर, राशिद निवासी कैथवाडा भरतपुर, रूपी जाटव निवासी कैथवाडा भरतपुर और अरशद निवासी कैथवाडा भरतपुर को गिरफ्तार कर लिया। जबकि जमशेद निवासी कैथवाडा, सद्दाम निवासी नगर भरतपुर, आसीन निवासी नगर भरतपुर व अन्य 4-5 साथी अभी फरार है।
यूं दिया वारदात को अंजाम
पुलिस ने बताया कि राशिद, रूपी और अरशद ने OLX पर आंध्रप्रदेश नम्बर की Swift गाड़ी का विज्ञापन डाला था और जमशेद ने पीड़ित से संपर्क किया। संपर्क के बाद जमशेद ने लोकल व्यक्ति कनीराम गुर्जर को पूरा प्लान बताया और वारदात में प्रयोग में ली गई सिम भी उपलब्ध कराई।
आरोपी जमशेद ने पीड़ित को बुलाया और बोलेरो गाड़ी में सद्दाम के साथ कुशालगढ़ के जंगलों में ले गए। यहां आरोपियों ने पीड़ित के साथ लूटपाट की। अब पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों को लेकर पूछताछ कर रही है।