Top News: आज शाह का गुजरात दौरा; वक्फ कानून के खास नियम अधिसूचित; टोल टैक्स 50% तक घटा; ईरानी तेल पर US का बैन
केंद्रीय गृह मंत्री और सहकारिता मंत्री अमित शाह शनिवार को गुजरात के आणंद में देश के पहले राष्ट्रीय स्तर के सहकारी विश्वविद्यालय त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय (टीएसयू) का भूमि पूजन करेंगे और आधारशिला रखेंगे। इसके अलावा, केंद्र सरकार ने वक्फ संशोधन कानून 2025 से जुड़े कुछ खास नियमों को अधिसूचित कर दिया है। एकीकृत वक्फ प्रबंधन, सशक्तीकरण, दक्षता और विकास नियम, 2025 को बृहस्पतिवार को अधिसूचित किया गया है। ये नियम वक्फ कानून से संबंधित वेबसाइट, डाटाबेस और वक्फ संपत्तियों, उनके रजिस्ट्रेशन, ऑडिट और खातों के प्रबंधन आदि विषयों से जुड़े मामलों को सुलझाएंगे। इसके अलावा, सरकार ने राष्ट्रीय राजमार्गों के उन हिस्सों पर टोल शुल्क में 50 फीसदी तक की कमी की है, जहां पुल, सुरंग, फ्लाईओवर या ऊंचे रास्ते जैसी संरचनाएं हैं। इस कदम से गाड़ी चालकों के लिए यात्रा का खर्च कम हो जाएगा। इसके अलावा, इस्राइल और ईरान के बीच युद्ध विराम के 12 दिन बाद अमेरिका ने ईरानी तेल निर्यात पर फिर प्रतिबंध लगाया है। इसे तेहरान के ऊर्जा क्षेत्र के खिलाफ अमेरिका की पहली कार्रवाई बताई जा रही है। बृहस्पतिवार को घोषित प्रतिबंधों के निशाने पर इराकी व्यवसायी सलीम अहमद सईद और उनकी संयुक्त अरब अमीरात स्थित कंपनी है, जिस पर अमेरिका ने इराकी तेल के साथ ईरानी तेल की तस्करी का आरोप लगाया है। ऐसी ही देश-दुनिया की अहम खबरें पढ़ें एक ही जगह और एक ही क्लिक पर...
Amit Shah Gujarat Visit: आज देश को मिलेगी पहली राष्ट्रीय सहकारी यूनिवर्सिटी, शाह रखेंगे नींव
केंद्रीय गृह मंत्री और सहकारिता मंत्री अमित शाह शनिवार को गुजरात के आणंद में देश के पहले राष्ट्रीय स्तर के सहकारी विश्वविद्यालय त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय (टीएसयू) का भूमि पूजन करेंगे और आधारशिला रखेंगे। शाह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर जन आंदोलन बन चुके एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत वृक्षारोपण में भी भाग लेंगे। पढ़ें पूरी खबर...
अब वक्फ संपत्तियों के पोर्टल, डेटाबेस के ऑडिट की तैयारी, केंद्र सरकार ने नियम अधिसूचित किए
केंद्र सरकार ने वक्फ संशोधन कानून 2025 से जुड़े कुछ खास नियमों को अधिसूचित कर दिया है। एकीकृत वक्फ प्रबंधन, सशक्तीकरण, दक्षता और विकास नियम, 2025 को बृहस्पतिवार को अधिसूचित किया गया है। ये नियम वक्फ कानून से संबंधित वेबसाइट, डाटाबेस और वक्फ संपत्तियों, उनके रजिस्ट्रेशन, ऑडिट और खातों के प्रबंधन आदि विषयों से जुड़े मामलों को सुलझाएंगे। किसी भी कानून के लागू होने के लिए उसके नियमों का अधिसूचित होना जरूरी है। वक्फ नियमों के अधिसूचित होने का अर्थ है कि कानून अब पूरी तरह लागू है। हालांकि इसके कुछ प्रावधानों को लेकर अभी सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई चल रही है और नियमों में उन प्रावधानों को शामिल नहीं किया गया है। पढ़ें पूरी खबर...
Toll Tax: सरकार ने 50 प्रतिशत तक घटाया टोल टैक्स
सरकार ने राष्ट्रीय राजमार्गों के उन हिस्सों पर टोल शुल्क में 50 फीसदी तक की कमी की है, जहां पुल, सुरंग, फ्लाईओवर या ऊंचे रास्ते जैसी संरचनाएं हैं। इस कदम से गाड़ी चालकों के लिए यात्रा का खर्च कम हो जाएगा। पढ़ें पूरी खबर...
US-Iran Ties: अमेरिका ने ईरानी तेल निर्यात पर फिर लगाया प्रतिबंध
इस्राइल और ईरान के बीच युद्घ विराम के 12 दिन बाद अमेरिका ने ईरानी तेल निर्यात पर फिर प्रतिबंध लगाया है। इसे तेहरान के ऊर्जा क्षेत्र के खिलाफ अमेरिका की पहली कार्रवाई बताई जा रही है। बृहस्पतिवार को घोषित प्रतिबंधों के निशाने पर इराकी व्यवसायी सलीम अहमद सईद और उनकी संयुक्त अरब अमीरात स्थित कंपनी है, जिस पर अमेरिका ने इराकी तेल के साथ ईरानी तेल की तस्करी का आरोप लगाया है। अमेरिकी ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट ने कहा, ईरान के व्यवहार ने उसे तबाह कर दिया है, जबकि उसके पास शांति चुनने का हर अवसर था, उसके नेताओं ने उग्रवाद को चुना। पढ़ें पूरी खबर...
आज पुरी में बाहुड़ा यात्रा: भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा-बड़े भाई बलभद्र के साथ मंदिर लौटेंगे
ओडिशा के पुरी में आज भगवान जगन्नाथ की बाहुड़ा यात्रा निकाली जाएगी। भगवान जगन्नाथ अपने जन्मस्थान माने जाने वाले गुंडिचा मंदिर में एक सप्ताह बिताने के बाद आज बहन सुभद्रा और बड़े भाई बलभद्र के साथ अपने रथों पर सवार होकर 12वीं शताब्दी के मंदिर लौटेंगे। इसी के साथ रथ यात्रा उत्सव का समापन हो जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि बाहुड़ा यात्रा के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पढ़ें पूरी खबर...
टेक्सास में भारी बारिश से ग्वाडालूप नदी में बाढ़, 13 की मौत; 20 से अधिक बच्चे लापता
टेक्सास में भारी बारिश के कारण अचानक नदी में आई बाढ़ से 13 लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा, समर कैंप में भाग लेने वाली 20 से अधिक लड़कियां लापता हो गईं। तेज बहाव वाली नदी ने आसपास के इलाकों जैसे- जंगलों, कैंपग्राउंड और बस्ती वाले इलाकों को खतरे में डाल दिया है। शुक्रवार (स्थानीय समयानुसार) को राहत और बचाव टीमों ने नावों और हेलीकॉप्टर की मदद से लोगों को बचाने के लिए अभियान चलाया। पढ़ें पूरी खबर...
गाजा में इस्राइल के साथ सीजफायर पर बोला हमास, नवीनतम प्रस्ताव पर 'सकारात्मक' जवाब दिया
हमास ने शुक्रवार को कहा कि उसने गाजा में संघर्ष विराम के नए प्रस्ताव पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। साथ ही यह भी कहा कि इस पर आगे बातचीत की जरूरत है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि हमास ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा सुझाए गए 60 दिनों के युद्ध विराम प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है या नहीं। पढ़ें पूरी खबर...
यूक्रेन पर रूस ने सात घंटे बमबारी की, जेलेंस्की ने ट्रंप को फोन किया
रूस ने यूक्रेन में अब तक का सबसे बड़ा हमला किया है। 22 फरवरी, 2022 को शुरू हुए इस युद्ध को तीन साल से अधिक समय बीत चुके हैं, लेकिन दोनों देशों का टकराव थमने का नाम नहीं ले रहा है। दोनों देशों के बीच शांति बहाल कराने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी प्रयास कर रहे हैं। इसके बावजूद कीव व कुछ अन्य इलाकों में संघर्ष जारी है। ताजा हमले में रूसी सेना ने 550 ड्रोन लॉन्च किए और 11 मिसाइलें भी दागीं। अधिकारियों ने बताया कि कीव में बमबारी सात घंटे तक चली। रूस के इस हमले के बाद राजधानी के कई जिलों में भारी क्षति हुई है। बमबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक बच्चे सहित कम से कम 26 अन्य घायल हो गए। लगातार हो रहे हमलों और वर्तमान सूरत-ए-हाल को देखते हुए यूक्रेन और रूस के बीच 40 महीने के हिंसक संघर्ष के बाद भी फिलहाल शांति बहाल होने के आसार नहीं दिख रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर...
पीएम मोदी को त्रिनिदाद-टोबैगो का सर्वोच्च नागरिक सम्मान मिला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शुक्रवार को त्रिनिदाद और टोबैगो के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'द ऑर्डर ऑफ द रिपब्लिक ऑफ त्रिनिदाद एंड टोबैगो' से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें उनकी वैश्विक नेतृत्व क्षमता, भारतीय प्रवासी समुदाय से गहरे जुड़ाव और कोविड-19 महामारी के दौरान मानवीय प्रयासों के लिए दिया गया। बता दें कि पीएम मोदी फिलहाल पांच देशों के दौरे पर हैं और त्रिनिदाद और टोबैगो की यह दो दिन की यात्रा उनका दूसरा पड़ाव है। वहीं सम्मान मिलने के बाद उन्होंने कहा, 'त्रिनिदाद एंड टोबैगो के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित होकर मैं गौरवान्वित हूं। मैं यह सम्मान 140 करोड़ भारतीयों की ओर से स्वीकार करता हूं।' पढ़ें पूरी खबर...
असम-मेघालय सीमा विवाद: समझौते के 39 माह बाद विवादित भूमि पर पहला सीमा स्तंभ स्थापित
असम और मेघालय के बीच दशकों पुराने सीमा विवाद को सुलझाने की दिशा में अंतर-राज्यीय सीमा पर विवादित क्षेत्र में पहला सीमा स्तंभ स्थापित किया है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की। हालांकि, उन्होंने इसका स्थान स्पष्ट नहीं किया। सरमा ने कहा, जब 1972 में मेघालय असम से अलग होकर एक नया राज्य बना था, तब उसकी सीमा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा अस्पष्ट रह गया था। इससे अकसर दोनों राज्यों के बीच अव्यवस्था और तनाव की स्थिति उत्पन्न होती रही है। पढ़ें पूरी खबर...
Kedarnath: तीन घंटे रुकी यात्रा, गंगोत्री-यमुनोत्री-बदरीनाथ हाईवे बाधित
बारिश के कारण शुरू हुई दुश्वारियां रुक नहीं रही हैं। शुक्रवार को भी भूस्खलन और मलबा आने के कारण केदारनाथ यात्रा तीन घंटे के लिए रोकनी पड़ी। गंगोत्री, यमुनोत्री और बदरीनाथ हाईवे भी बाधित रहे। प्रदेश में एक राष्ट्रीय राजमार्ग समेत कुल 79 सड़कें बंद हैं। पढ़ें पूरी खबर...
PM In Caribbean: संस्कृति, क्रिकेट, मिर्च मसाले से नई विश्व व्यवस्था तक, एक पेड़ मां के नाम भी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लंबे विदेश प्रवास का अगला पड़ाव दक्षिणी अमेरिकी देश अर्जेंटीना में है। यहां आने से पहले पीएम मोदी ने त्रिनिदाद और टोबैगो की यादगार यात्रा की। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि त्रिनिदाद एंड टोबैगो हमेशा साथ खड़ा होने वाला मित्र देश है। पीएम मोदी के इस दौरे पर कई ऐसी बातें हुईं जो 26 साल बाद इस देश में आने के बाद सचमुच यादगार बन गईं। पीएम मोदी के लिए यात्रा 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत लगाए गए पौधे के कारण भी यादगार बनी। इसके अलावा उन्हें त्रिनिदाद और टोबैगो की संसद को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बनने का गौरव भी हासिल हुआ। पीएम मोदी ने कहा कि वैश्विक दक्षिण उभर रहा है। अब कई नई विश्व व्यवस्था देखना चाहते हैं। पढ़ें पूरी खबर...
Foreign Policy: चीनी विदेश मंत्री वांग इस महीने भारत आएंगे!
चीनी विदेश मंत्री वांग यी इस महीने भारत का दौरा कर सकते हैं। वे राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल के साथ सीमा विवाद पर बातचीत कर सकते हैं। यह बातचीत विशेष प्रतिनिधि (एसआर) वार्ता के तहत होगी। पढ़ें पूरी खबर...
IND vs ENG: तीसरे दिन इंग्लैंड पहली पारी में 407 पर ढेर, सिराज-आकाश की शानदार गेंदबाजी
भारत ने तीसरे दिन 244 रनों की बढ़त हासिल कर ली। इंग्लैंड की टीम पहली पारी में 407 रन पर ऑलआउट हो गई। इससे पहले भारत ने पहली पारी में 587 रन बनाए थे, इस आधार पर उन्हें 180 रन की बढ़त मिली। दूसरी पारी में भारत ने स्टंप्स तक एक विकेट पर 64 रन बना लिए हैं। केएल राहुल 38 गेंदों में 28 और करुण नायर 18 गेंदों में सात रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। दूसरी पारी में भारत को पहला झटका जोश टंग ने दिया। उन्होंने यशस्वी जायसवाल को अपना शिकार बनाया। वह 22 गेंदों में छह चौके की मदद से 28 रन बना पाए। उन्होंने केएल राहुल के साथ पहले विकेट के लिए 51 रनों की साझेदारी निभाई। पढ़ें पूरी खबर...
Kamal Haasan: अदालत ने कमल हासन को कन्नड़ भाषा के खिलाफ टिप्पणी करने से रोका
अभिनेता कमल हासन को कन्नड़ भाषा पर कथित विवादित टिप्पणी के बाद खूब आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है। अब इस मामले में बंगलूरू की एक अदालत ने अभिनेता को कन्नड़ भाषा के खिलाफ किसी भी तरह की टिप्पणी करने से रोका है। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक बंगलुरू की एक अदालत ने शुक्रवार को एकपक्षीय अंतरिम निषेधाज्ञा पारित कर अभिनेता कमल हासन को कन्नड़ भाषा के खिलाफ कोई भी टिप्पणी करने से रोक दिया। पढ़ें पूरी खबर...
Forex Reserve: भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 4.84 अरब डॉलर बढ़ा
भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 27 जून को समाप्त के दौरान 4.84 अरब डॉलर बढ़कर 702.78 अरब डॉलर हो गया। पिछले समीक्षाधीन सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार 1.01 अरब डॉलर घटकर 697.93 अरब डॉलर रह गया था। भारतीय रिजर्व बैंक ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। सितंबर 2024 के अंत में विदेशी मुद्रा भंडार 704.885 बिलियन अमरीकी डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर को छू गया था। पढ़ें पूरी खबर...