न्यूज अपडेट्स: फडणवीस बने भारत स्काउट्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष, अभिषेक बनर्जी की याचिका पर 20 नवंबर को सुनवाई
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को भारत स्काउट्स एंड गाइड्स का 13वां राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। उन्हें निर्विरोध इस पद के लिए चुना गया। वहीं, रिटायर्ड आईएएस अधिकारी डॉ. केके खंडेलवाल को दोबारा मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त चुना गया है।
भूपेन हजारिका के गीतों से सजेगा भारत मंडपम
भारत रत्न भूपेन हजारिका की जन्मशती समारोह का समापन 29 नवंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में होगा। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समारोह में देशभर के एक हजार से अधिक कलाकार भूपेन हजारिका के लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देंगे।
असम समेत देश के कई हिस्सों से कलाकार और विद्यार्थी इसमें हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम के जरिए भूपेन हजारिका के संगीत, विचारों और सांस्कृतिक विरासत को याद किया जाएगा। दिल्ली के एयरपोर्ट, मेट्रो और अन्य प्रमुख जगहों पर कार्यक्रम के प्रचार की तैयारी की जा रही है।
अभिषेक बनर्जी की याचिका पर 20 नवंबर को सुनवाई
कलकत्ता हाईकोर्ट ने तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी की याचिका पर सुनवाई के लिए 20 नवंबर की तारीख तय की है। बनर्जी ने एक मामले में गिरफ्तारी जैसी सख्त कार्रवाई से मिली अंतरिम राहत को आगे बढ़ाने की मांग की है।
यह मामला पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान एक जनसभा में कथित तौर पर धमकी भरी टिप्पणी करने से जुड़ा है। इस संबंध में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। अदालत ने बताया कि मई में मिली अंतरिम राहत 6 अक्तूबर को खत्म हो गई थी। बनर्जी के वकील ने माना कि राहत बढ़ाने की मांग पहले नहीं रख पाना उनकी गलती थी। अदालत ने पहले बनर्जी को जांच में सहयोग करने का निर्देश भी दिया था।
केरलम में महिला ने की आत्महत्या, परिजनों ने निजी वित्तीय संस्थान के बाहर शव रखकर किया प्रदर्शन
गृह ऋण का भुगतान नहीं करने पर बैंक की ओर से मकान कुर्क करने की कार्रवाई शुरू किए जाने के बाद कथित तौर पर आत्महत्या करने वाली 45 वर्षीय महिला के परिजनों और पड़ोसियों ने सोमवार को नाडुवन्नूर स्थित निजी वित्तीय संस्थान के बाहर शव रखकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया था। अंतिम संस्कार से पहले वे शव को लेकर वित्तीय संस्थान पहुंचे और वहां प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए बैंक से मकान कुर्क करने की कार्रवाई रोकने की मांग की। पुलिस के मुताबिक, कोठाली निवासी बाबू की पत्नी कविता शुक्रवार को अपने घर में फंदे से लटकी मिली थीं। उस समय बैंक के अधिकारी मकान कुर्क करने की कार्रवाई के सिलसिले में उनके घर पहुंचे थे।
कविता और उनके परिवार ने करीब आठ साल पहले बैंक से 17 लाख रुपये का गृह ऋण लिया था। पुलिस के अनुसार, विदेश में काम करने वाले बाबू बाद में वापस लौट आए, लेकिन परिवार कर्ज नहीं चुका सका और ऋण की किस्तें बकाया हो गईं।
महिला के परिजनों ने आरोप लगाया कि परिवार ने बैंक से कर्ज चुकाने के लिए और समय मांगा था, लेकिन उनका अनुरोध ठुकरा दिया गया। उनका दावा है कि समय देने की अपील के बावजूद बैंक की ओर से मकान कुर्क करने की कार्रवाई शुरू किए जाने से कविता तनाव में थीं।
प्रदर्शन में माकपा के स्थानीय नेता और सामाजिक कार्यकर्ता भी शामिल हुए। पुलिस ने बताया कि बैंक के बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा हुए, लेकिन प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा। पुलिस के मुताबिक, राजनीतिक नेताओं ने भी बैंक प्रबंधन से संपर्क कर परिवार को बकाया कर्ज चुकाने के लिए और समय देने की मांग की है।
मणिपुर: हिंसा में मारे गए 6 नगा लोगों का किया गया अंतिम संस्कार
मणिपुर के कांगपोकपी में 6 नगा लोगों का अंतिम संस्कार किया गया। ये सभी 13 मई से लापता थे। आरोप है कि इनका अपहरण लीलोन वैफेई गांव से किया गया था। उनके शव जवाहरलाल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (जेएनआईएमएस) के मुर्दाघर में रखे गए थे, जहां से उन्हें कोंसाखुल गांव लाया गया।
हिस्ट्रीशीटर रतन शेख के एनकाउंटर पर क्या बोले भाजपा सांसद?
पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में बीरभूम में आरोपी रतन शेख के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने पर भाजपा सांसद राजू बिष्ट ने कहा, "भाजपा के शासन में और सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में बंगाल में न्याय होगा। अन्याय करने वालों को कानून के तहत सजा मिलेगी। मैं इस मामले पर किसी भी तरह की टिप्पणी नहीं करना चाहता, लेकिन एक बात स्पष्ट करना चाहता हूं कि अपराधी कोई भी हो, जिसने भी हमारी बहनों और बेटियों के साथ अन्याय और अत्याचार किया है, उसके खिलाफ पश्चिम बंगाल में कानून के अनुसार कार्रवाई होगी। ऐसा पहले से हो भी रहा है। यह अच्छी बात है कि बंगाल की सफाई हो रही है और राज्य में सकारात्मकता बढ़ रही है। बंगाल को परेशान करने वाली बुराइयां खत्म की जा रही हैं और राज्य आगे बढ़ रहा है। मैं इसके लिए शुभेंदु अधिकारी को बधाई देना चाहता हूं।"
असम में 1.16 लाख घोषित विदेशी फरार
गौहाटी हाईकोर्ट ने कहा कि असम में 1,16,946 घोषित विदेशी नागरिकों को अब तक पकड़ा नहीं जा सका है और न ही उन्हें देश से बाहर भेजा गया है। अदालत ने इसे राज्य में विदेशियों को बाहर भेजने के मामले में बेहद चिंताजनक स्थिति बताया है। जस्टिस कल्याण राय सुराना और जस्टिस मृदुल कुमार कलिता की पीठ ने 10 नवंबर को एक घोषित विदेशी को देश से बाहर भेजने से जुड़ी याचिका खारिज करते हुए यह टिप्पणी की। पीठ ने कहा, असम सरकार ने हलफनामे में बताया है कि 30 जून तक 1,16,946 घोषित विदेशी नागरिकों को पकड़कर देश से बाहर भेजा जाना बाकी था। कोर्ट ने कहा कि यह आंकड़ा राज्य में विदेशियों को बाहर भेजने की बेहद गंभीर तस्वीर पेश करता है।
नड्डा के काफिले पर हमला मामले में पुलिस ने आरोपी इमरान की परेड कराई, जोड़ रहा था हाथ
भाजपा के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के काफिले पर हमले के मामले में गिरफ्तार तृणमूल कांग्रेस के पूर्व नेता इमरान हसन मोल्ला को पश्चिम बंगाल पुलिस ने शनिवार रात दक्षिण 24 परगना के उस्ती इलाके में घुमाया। इस दौरान वह स्थानीय लोगों के सामने हाथ जोड़ता और सिर झुकाकर चलता नजर आया। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई दिसंबर 2020 में हुई घटना का क्राइम सीन रीक्रिएट करने के लिए की गई थी। उल्लेखनीय है कि 10 दिसंबर 2020 को दक्षिण 24 परगना के शिराकोल में जेपी नड्डा के काफिले पर प्रदर्शनकारियों ने हमला किया था। इस मामले में पुलिस ने पांच नवंबर को इमरान को गिरफ्तार किया था। अदालत ने उसे नौ दिन की पुलिस हिरासत में भेजा था। इमरान मगरहाटा पश्चिम में युवा तृणमूल कांग्रेस का नेता रह चुका है।
