विद्यार्थियों ने इलेक्ट्रॉनिक्स मॉडल बनाकर किया प्रतिभा का प्रदर्शन
दौलतपुर चौक (ऊना)। रावमापा पिरथीपुर में यूथ एंड ईको क्लब की ओर से बुधवार को विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में विद्यालय में जूनियर छात्रों की ओर से पर्यावरण संरक्षण पर भाषण प्रतियोगिता करवाई गई। साथ ही वोकेशनल टीचर प्रशांत ठाकुर ने तनाव प्रबंधन (स्ट्रेस मैनेजमेंट) के बढ़िया तरीके विद्यार्थियों को बताए। इसके अलावा पीईटी सुनंदा एवं लेक्चरर फिजिकल एजुकेशन सुशील पठानिया ने सांस संबंधी व्यायाम और ध्यान मुद्रा का अभ्यास करवाया। शिक्षा और पर्यावरण पर कविता गायन प्रतियोगिता तथा ऊर्जा संकट व जल संरक्षण पर पोस्टर और पेंटिंग प्रतियोगिता करवाई गई। जबकि, क्लब के सौजन्य से जूनियर मॉडल, सीनियर मॉडल, आर्ट एंड क्राफ्ट की कलाकृतियों व हैंड ऑन एक्सपेरिमेंट पर भी प्रतियोगिताएं करवाई गईं। मुख्य अतिथि के रूप में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दौलतपुर चौक के मेडिकल ऑफिसर डॉ. विनय कुमार ने शिरकत की। उन्होंने न केवल बच्चों की प्रतिभा को सराहा बल्कि बच्चों को स्वास्थ्य और दवाओं के दुष्प्रभाव जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। इस मौके पर स्कूल के छात्रों ने फिजिक्स और इलेक्ट्रॉनिक्स से संबंधित मॉडल बनाकर उत्कृष्ट हैंड्स आन एक्सपेरिमेंट का प्रदर्शन किया।