{"_id":"577aa5ae4f1c1b96187f99e8","slug":"illigal-ways-removed-from-swan-side","type":"story","status":"publish","title_hn":"स्वां किनारे बने अवैध रास्तों को उखाड़ा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
स्वां किनारे बने अवैध रास्तों को उखाड़ा
ब्यूरो/अमर उजाला/ऊना
Updated Mon, 04 Jul 2016 11:36 PM IST
विज्ञापन
स्वां किनारे अवैद्य रास्तों को तुड़वाते अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
जिले में अवैध खनन करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपना लिया है। सोमवार को प्रशासन ने स्वां नदी में अवैध खनन के लिए बनाए गए रास्तों को जेसीबी की मदद से उखाड़ दिया है। यह कार्रवाई डीएसपी हेडक्वार्टर कुलविंद्र सिंह, एसडीएम पृथीपाल सिंह और जिला खनन अधिकारी नीरजकांत की अगुवाई में अमल में लाई गई है। दोपहर के बाद हुई प्रशासनिक कार्रवाई से खनन माफिया में हड़कंप मच गया।
विज्ञापन
देखते ही देखते आसपास के क्षेत्रों में खनन कार्यों में जुटे ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गए। अवैध खनन में जुटे लोग रात के समय लोडिड ट्रकों और टिप्परों को हिमाचल के अन्य जिलों समेत पंजाब के लिए रवाना करते हैं। जिला खनन अधिकारी नीरज कांत ने बताया कि स्वां नदी में अवैध खनन के लिए कई जगह से अवैध रास्तों का निर्माण किया गया था। जिनका प्रयोग खनन माफिया की ओर से अवैध खनन के लिए किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन की अगुवाई में अवैध खनन पर लगाम लगाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। सोमवार को इसी कड़ी के तहत इन अवैध रास्तों को जेसीबी की मदद से तोड़ा गया है। गौरतलब है कि स्वां नदी के साथ जिले की प्रमुख खड्डों में भी अवैध खनन का काम धड़ल्ले से चल रहा है।
विज्ञापन