भूकंप: नींद खुली और धरती डोली, कार्तिक पूर्णिमा की सुबह बिहार में लोगों को कैसा झटका लगा?
Earthquake in Bihar : कार्तिक पूर्णिमा की सुबह बिहार में लोगों को भूकंप का झटका महसूस हुआ। यह भूकंप करीब सात बजकर दो मिनट पर आया। पटना, वैशाली, दरभंगा, समस्तीपुर आदि में झटका ज्यादा महसूस हुआ।
विस्तार
भूकंप की तीव्रता 5.3 मापी गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इसका केंद्र पड़ोसी देश नेपाल के कोशी प्रांत में था। भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 20 किलोमीटर नीचे बताया गया है। हालांकि, बिहार में इसके प्रभाव और किसी तरह के नुकसान को लेकर अभी तक विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। पटना, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, किशनगंज, अररिया, पूर्णिया समेत कई जिलों में सुबह सात बजकर दो मिनट पर इसके झटके महसूस किए गए। कई जगह तो लोग अपने घरों से बाहर तक निकल गए। हालांकि अब सबकुछ सामान्य है।
नेपाल में था भूकंप का केंद्र
सिस्मोलॉजिस्ट के अनुसार, इसका केंद्र 27.855 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 87.909 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था। इसकी गहराई जमीन से लगभग 20 किलोमीटर नीचे आंकी गई। भूकंप का केंद्र बिहार के मुजफ्फरपुर से करीब 315 किलोमीटर उत्तर-पूर्व दिशा में था। भूकंप के केंद्र की दूरी भूटान की राजधानी थिम्पू से करीब 175 किलोमीटर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम बताई गई है। वहीं, नेपाल की राजधानी काठमांडू से यह लगभग 254 किलोमीटर पूर्व में स्थित था।
