{"_id":"6a464a2415c92e62dc0adb6c","slug":"education-department-alert-for-the-safety-of-students-during-monsoon-una-news-c-93-1-una1002-197150-2026-07-02","type":"story","status":"publish","title_hn":"Una News: मानसून के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए शिक्षा विभाग सतर्क","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Una News: मानसून के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए शिक्षा विभाग सतर्क
Fri, 03 Jul 2026 06:52 AM IST
शिमला ब्यूरो
संवाद न्यूज एजेंसी, ऊना
संवाद न्यूज एजेंसी, ऊना
Updated Fri, 03 Jul 2026 06:52 AM IST
विज्ञापन
विज्ञापन
ऊना। मानसून के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर स्कूल शिक्षा विभाग सतर्क हो गया है। स्कूल शिक्षा उपनिदेशक (माध्यमिक) ऊना अनिल कुमार तक्खी ने जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और प्रबंधकों को अगले दो दिनों के भीतर मानसून संबंधी सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया है कि पांच जुलाई से जिला स्तरीय विभागीय टीम सभी विद्यालयों का निरीक्षण करेगी।
उपनिदेशक ने बताया कि गत वर्ष जिले के करीब 80 विद्यालय भारी बारिश के कारण प्रभावित हुए थे। मौसम विभाग द्वारा इस वर्ष भी भारी वर्षा की संभावना जताई गई है, इसलिए सभी विद्यालयों को पहले से ही आवश्यक एहतियाती कदम उठाने होंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यालय परिसर, शौचालय, खेल मैदान, छतों, वर्षा जल निकासी पाइपों और नालियों की पूरी तरह सफाई कराई जाए। उन्होंने विद्यालयों में स्वच्छ पेयजल, पेयजल टंकियों की नियमित सफाई तथा मिड-डे मील रसोई की स्वच्छता बनाए रखने के भी निर्देश दिए। विद्यालय के आसपास बंद नालियों से कचरा और गाद हटाकर जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
विज्ञापन
तक्खी ने कहा कि निरीक्षण के दौरान यदि किसी विद्यालय परिसर में घास, गड्ढे, बंद नालियां, छतों पर घास या सूखे पत्ते अथवा अन्य प्रकार की गंदगी पाई गई तो संबंधित स्कूल प्रमुख के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
10 जुलाई तक जमा करवाने होंगे तीनों सुरक्षा प्रमाण-पत्र
तक्खी ने सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों को स्कूल सेफ्टी, स्ट्रक्चरल ऑडिट और नॉन-स्ट्रक्चरल ऑडिट प्रमाणपत्र 10 जुलाई तक अनिवार्य रूप से जमा करवाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि ये प्रमाणपत्र हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग के सक्षम अभियंताओं से निरीक्षण करवाकर प्राप्त किए जाएं। निर्धारित समय तक प्रमाणपत्र जमा न करने वाले विद्यालयों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।
असुरक्षित भवनों की तुरंत दें सूचना
उपनिदेशक ने निर्देश दिए हैं कि यदि किसी विद्यालय का भवन या उसका कोई हिस्सा असुरक्षित है तो उसकी सूचना तुरंत शिक्षा विभाग को दी जाए। ऐसे भवनों में विद्यार्थियों और कर्मचारियों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रखा जाए। इसके अलावा बारिश से विद्यालय भवन, चहारदीवारी, शौचालय, खेल मैदान या संपर्क मार्ग को होने वाले नुकसान की जानकारी विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई गूगल शीट पर प्रतिदिन भेजना अनिवार्य होगा। यदि कोई नुकसान नहीं हुआ है तो भी शून्य नुकसान दर्ज करना सभी विद्यालयों के लिए आवश्यक रहेगा।