Una Firing Case : हत्यारों ने कैंपर गाड़ी पर भी दागी गोली, एनएच पार दुकान के शटर में हुआ छेद; पहले की थी रेकी
Una Firing Case : ऊना जिले में हुई हत्या मामले में जिस पिस्तौल से गोली दागी गई, उसकी रेंज का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता कि एनएच पार करीब 25 मीटर दूर स्थित दुकान के शटर में छेद हो गया। पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
राकेश कुमार उर्फ गग्गी की हत्या करने वाले आरोपियों के हौसले इतने बुलंद थे कि वारदात के बाद भी उन्होंने क्षेत्र में गोलीबारी की। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो आरोपियों ने एक गोली उस कैंपर गाड़ी पर भी दागी थी, जिसमें सवार होकर गग्गी और उसके साथी हेयर ड्रैसर की दुकान पर पहुंचे थे। वह गोली कैंपर गाड़ी में न लगकर चंडीगढ़-धर्मशाला एनएच को पार कर एक दुकान के शटर में जा लगी। जिस पिस्तौल से गोली दागी गई, उसकी रेंज का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता कि एनएच पार करीब 25 मीटर दूर स्थित दुकान के शटर में छेद हो गया। गनीमत रही कि उस गोली का शिकार कोई वाहन चालक नहीं हुआ। इसके बाद आरोपियों ने झलेड़ा की ओर फरार होते समय ख्वाजा पीर मंदिर के पास भी हवाई फायर किया।
पुलिस के हाथ लगे अहम सबूत
उधर, थाना सदर पुलिस की टीम सोमवार दोपहर दोबारा मौके का निरीक्षण करने पहुंची। इस दौरान हर वस्तु का बारीकी से अध्ययन किया गया। पुलिसकर्मियों की ओर से आसपास मौजूद दुकानदारों से भी पूछताछ की गई। दुकानदारों ने बताया कि हेलमेट पहनकर आए आरोपियों ने दुकान के शटर के बिल्कुल करीब आकर गोली चलाई। गग्गी और गोली चलाने वाले के बीच सात-आठ फीट की दूरी रही होगी। उस समय दुकान में करीब 10 लोग मौजूद थे। पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने बताया कि जांच में कुछ अहम सबूत हाथ लगे हैं। आरोपियों की पहचान कर जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

सूत्रों की मानें तो गग्गी हत्याकांड से पहले एक गाड़ी ने उसकी रेकी की। वह गाड़ी बाद में अंब की ओर चली गई। इसके ठीक बाद वारदात को अंजाम दिया गया। थाना सदर प्रभारी गौरव भारद्वाज की अगुवाई में पुलिस टीम ने बसाल में एनएच किनारे स्थित दुकानों के सीसीटीवी खंगाले। इसमें उस गाड़ी का पता लगाने के प्रयास किए गए जिससे रेकी की गई थी।