हिमाचल: सोलन बाईपास पर गलत दिशा से आ रहे ऑटो का कहर, दो कारों से टकराकर पलटा; देखें वीडियो
सोलन बाईपास पर राष्ट्रीय राजमार्ग-5 में गलत दिशा से आ रहे ऑटो ने सामने से आ रही दो कारों को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ऑटो सड़क पर पलट गया और तीनों वाहनों को नुकसान पहुंचा।
विस्तार
सोलन बाईपास पर गलत दिशा में वाहन चलाने के कारण बड़ा सड़क हादसा हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर बाईपास से न्यू बस स्टैंड की ओर जा रहा एक ऑटो अनियंत्रित होकर सामने से आ रही दो कारों से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो सड़क पर पलट गया। हादसे में ऑटो चालक और उसमें सवार एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, ऑटो हिंदुस्तान सैनिटरी शोरूम से कुछ आगे मोड़ पर पहुंचा तो सामने से आ रही दो कारों से उसकी भिड़ंत हो गई। हादसे में ऑटो के साथ दोनों कारों को भी काफी नुकसान पहुंचा।
कई वाहनों के करीब से निकला ऑटो
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटो गलत दिशा में तेज गति से चल रहा था और रास्ते में कई अन्य वाहनों के बेहद करीब से गुजरा। लोगों का कहना है कि इस दौरान कई वाहन उसकी चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने यह भी आरोप लगाया कि ऑटो में सवार दोनों व्यक्तियों ने शराब का सेवन कर रखा था। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस की जांच या मेडिकल रिपोर्ट से ही हो सकेगी।
स्थानीय लोगों ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
टक्कर के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने मदद करते हुए घायल ऑटो चालक और दूसरे व्यक्ति को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।