करीब 40 हजार बच्चों को पिलाई जाएगी खुराक, 63 बूथ और 14 मोबाइल टीमें तैनात
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। स्वास्थ्य विभाग 28 जून से बद्दी और बरोटीवाला क्षेत्र में पल्स पोलियो अभियान चलाएगा। अभियान के तहत शून्य से पांच वर्ष तक के लगभग 40 हजार बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। बीएमओ अनिल अरोड़ा ने बताया कि 28 जून को बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी, जबकि 29 और 30 जून को स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर बच्चों को दवा पिलाएंगे। इसके लिए कुल 63 बूथ स्थापित किए गए हैं और झुग्गी-झोपड़ी तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में 14 मोबाइल बूथ भी तैनात रहेंगे। अभियान के सफल संचालन के लिए 325 स्वास्थ्य कर्मियों के साथ नर्सिंग कॉलेज के छात्र भी ड्यूटी पर लगाए गए हैं। निगरानी के लिए 15 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे, भले ही उसने पहले भी खुराक ली हो। एसडीएम संजीव धीमान की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने अभियान की तैयारियों और रणनीति पर चर्चा की। बैठक में तहसीलदार सतेंद्र सिंह, बाल कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग तथा विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।