कालाअंब (सिरमौर)। चैत्र नवरात्र के सातवें दिन भी जिले के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही।
जिला मुख्यालय नाहन, पांवटा और श्री रेणुका जी के मंदिर में भारी संख्या में श्रद्धालु जुटे। वहीं त्रिलोकपुर स्थित माता बाला सुंदरी मंदिर में सुबह से ही माता के दर्शनों के लिए लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। शुक्रवार को यहां स्थानीय और बाहरी प्रदेशों से आए करीब 14 हजार श्रद्धालुओं ने माता बाला सुंदरी के दर पर शीश नवाया।
सुबह केे समय सबसे पहले मुख्य आरती और पूजा अर्चना हुई। इसके बाद मंदिर के द्वार श्रद्धालुओं के लिए खोले गए। इसके बाद श्रद्धालुओं ने माता बाला सुंदरी के चरणों में शीश नवाया। मेला अधिकारी माया राम शर्मा ने बताया कि चैत्र नवरात्र के सातवें दिन माता बाला सुंदरी मंदिर में 14 हजार श्रद्धालुओं ने 12 लाख 93 हजार 673 रुपये नकद, 4990 ग्राम चांदी और 10 ग्राम सोना अर्पित किया।