नाहन (सिरमौर)। एनएसयूआई नाहन इकाई की बैठक कांग्रेस भवन हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला महासचिव धनवीर सिंह ने की। इस अवसर पर सरकार की ओर से रिअपेयर पेपरों में की गई फीस वृद्धि का मामला छाया रहा। धनवीर सिंह ने कहा कि एनएसयूआई फीस वृद्धि का विरोध करती है। इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले रिअपेयर पेपर की फीस 100 रुपये हुआ करती थी, जिसे बढ़ा कर क्रमश: 500, 800 और 1000 हजार रुपये कर दिया गया है। सरकार के इस फैसले से विद्यार्थियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार इस तुगलकी फरमान को तत्काल वापस ले। यदि ऐसा नहीं किया गया तो उनका संगठन सड़कों पर उतर कर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेगा। इस अवसर पर कॉलेज में चल रही समस्याओं पर भी चर्चा की गई। कैंपस अध्यक्ष अंकुर ठुंडू ने कहा कि फीस वृद्धि से गरीब और मध्य वर्गीय छात्रों के लिए मुश्किल होगी। सरकार को इसे वापस लेना होगा। उन्होंने छात्रों से इस फैसले को वापस न लेने की सूरत में सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन करने के लिए तैयार रहने का भी आह्वान किया। बैठक में आर्ट्स ब्लॉक के प्रभारी विक्रम शर्मा, कैंपस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रोबिन तोमर, उपाध्यक्ष अमित राणा और विनोद माल्या, महासचिव मनदीप चौहान, विक्रांत ठाकुर, धारटीधार के प्रभारी मनीष शर्मा, सोशल मीडिया प्रभारी रणदीप ठाकुर, योगेश पुंडीर, रितिक शर्मा, नीतीश ठाकुर आदि उपस्थित रहे।