1500 उपभोक्ताओं के नहीं लगे बिजली कनेक्शन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पांवटा साहिब(सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड से मीटर की आपूर्ति नहीं पहुंच पा रही है जिससे सैकड़ों उपभोक्ताओं को पिछले कई महीने से बिजली मीटर लगने का इंतजार करना पड़ रहा है। पांवटा क्षेत्र में लगभग 1500 उपभोक्ताओं के इस वजह से बिजली कनेक्शन नहीं लग पाए हैं। उपभोक्ता कई माह से बोर्ड के सब डिविजन कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं लेकिन एक अद्द बिजली का मीटर नसीब नहीं हो पा रहा है जिससे उपभोक्ता नए भवनों में बिजली के कनेक्शन से वंचित रह रहे हैं। बिजली बोर्ड के पांवटा डिविजन के तहत पड़ने वाले 4 सब डिविजनों में करीब 1500 से अधिक उपभोक्ताओं का इंतजार लंबा खिंचता जा रहा है।
बिजली बोर्ड के पांवटा डिविजन में शिलाई, सतौन, पांवटा व धौलाकुआं सब डिविजन पड़ते हैं। इनमें नए भवन बनाने वाले उपभोक्ताओं ने करीब 1500 से अधिक आवेदन बोर्ड के सब डिविजन कार्यालयों में आए हैं। उपभोक्ताओं ने कई महीनों पहले नए बिजली के मीटर के लिए आवेदन दिया है। 8-9 माह बीत जाने पर भी बिजली मीटर नहीं मिल पा रहे हैं। बीच में कभी बोर्ड के माध्यम से मीटर की नाममात्र आपूर्ति भी हुई है लेकिन आपूर्ति दर्जनों में हैं, जबकि मांग सैकड़ों में। ऐसे में सैकड़ों उपभोक्ताओं को मीटर लगवाने की बाबत इंतजार लंबा खिंचता जा रहा है। आम उपभोक्ताओं को सबसे ज्यादा दिक्कतें आ रही हैं।
यशपाल राणा, पंकज भटनागर, रण सिंह, राकेश कुमार, देवेंद्र सिंह व प्रदीप चौहान का कहना है कि सैकड़ों उपभोक्ता बिजली बोर्ड के उदासीन रवैये व लेट लतीफी के चलते परेशानी उठा रहे हैं। सैकड़ों उपभोक्ताओं ने हर सप्ताह बिजली बोर्ड के सहायक व कनिष्ठ अभियंताओं के कार्यालयों के कई चक्कर काट लिए हैं लेकिन बिजली बोर्ड अधिकारी मीटर नहीं पहुंचने पर नया कनेक्शन लगाने में असमर्थता जता रहे हैं। ऐसे में मजबूरन कोई उपभोक्ता लोकल मीटर लेते हैं तो उसको टेस्ट करवाना पड़ेगा। ओके होने पर मीटर लगाया जा सकता हैं।
बॉक्स---
बिजली बोर्ड कार्यकारी अधिशाषी अभियंता वीके मलिक ने कहा कि बिजली मीटर की आपूर्ति कम पहुंच रही है। बिजली मीटर की आपूर्ति पहुंचने पर उपभोक्ताओं के शीघ्र मीटर लगवा दिए जाएंगे।