नाहन (सिरमौर)। सड़क निर्माण कार्य शुरू न होने से खफा सताहन पंचायत के ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल वीरवार को नाहन में डीसी से मिला। प्रदेश कांग्रेस के सचिव ओपी ठाकुर के नेतृत्व में ग्रामीणों ने उन्हें ज्ञापन भी सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में शामिल ओपी ठाकुर, धर्म सिंह, इंद्र सिंह, दलीप सिंह, बिशन सिंह, बलिराम, जागर सिंह, हीरा सिंह, बलिया, सूरत सिंह, कुंदन सिंह आदि ने डीसी को बताया कि प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत अंबोटा से सताहन तक सड़क का निर्माण कार्य होना है। इसका टेंडर एक वर्ष पूर्व हो चुका है। सड़क के लिए 2 करोड़ 34 लाख रुपये स्वीकृत हैं लेकिन, इसका कार्य अभी तक शुरू नहीं किया गया। ग्रामीणों ने कहा कि एक साल पहले तक सताहन गांव की सड़क खुली थी। छोटी गाड़ियां चलती थीं लेकिन अब कई महीनों से सड़क बंद है। इससे लोगों को भारी परेशानी हो रही है। लोग मरीजों को अपनी पीठ पर उठा कर दो घंटे का सफर तय कर अंबोटा पहुंच रहे हैं। फसलों को भी नुकसान पहुंच रहा है। ग्रामीणों ने डीसी ललित जैन से मांग की कि बंद सड़क को तत्काल बहाल करवाया जाए। प्रधानमंत्री सड़क ग्राम योजना के तहत बनने वाली सताहन-अंबोटा सड़क का कार्य जल्द शुरू करवाया जाए। उधर, उपायुक्त ललित जैन ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्या का जल्द हल किया जाएगा।