नित्थर (कुल्लू)। उपतहसील नित्थर की देहरा और नित्थर पंचायत के लिए निर्माणाधीन कुर्पण खड्ड उठाऊ पेयजल और सिंचाई योजना के लिए तीन करोड़ रुपये की दूसरी किस्त जारी हो गई है। निरमंड में आयोजित कार्यक्रम में परियोजना प्रमुख ने यह राशि जारी की। परियोजना का निर्माण कार्य करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से होना है।
इसमें एसजेवीएनएल आठ करोड़ रुपये की राशि खर्च करेगा। इसके अलावा सरकार योजना को पूरा करने में सहयोग कर रही है। योजना से ग्राम पंचायत देहरा के आनस और मोईन गांव के लिए सिंचाई और पेयजल, देहरा और निथर पंचायत के लोगों के लिए योजना से पेयजल आपूर्ति की जाएगी। इससे नित्थर और देहरा पंचायत के हजारों ग्रामीण और बागवान लाभान्वित होंगे। इस किस्त को एसडीएम निरमंड मनमोहन सिंह और जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता अजीत नेगी ने प्राप्त किया।
परियोजना प्रमुख लूहरी सुनील चौधरी ने इस मौके पर कहा कि इससे पहले दो करोड़ की राशि जारी की जा चुकी है। लूहरी परियोजना प्रभावित पंचायतों के लिए विकास कार्यों में हर संभव मदद कर रही है। इस मौके पर बीडीसी अध्यक्ष निरमंड दलीप ठाकुर, देहरा प्रधान सरोज बाला, नित्थर प्रधान जगदीश ठाकुर, उपप्रधान देहरा यशपाल कटोच, अधिशासी अभियंता जलशक्ति विभाग आनी अजीत नेगी और एसजेवीएनएल से राजिंद्र चौहान सहित अन्य मौजूद रहे।