कुमारसैन (रामपुर बुशहर)।
पीएमश्री जेबीएल राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुमारसैन में मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अग्निशमन विभाग कुमारसैन की टीम ने विद्यार्थियों को आपदाओं से बचाव, जोखिम कम करने, प्राथमिक उपचार और दुर्घटना के समय अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की जानकारी दी। अग्निशमन विभाग कुमारसैन की ओर से इंचार्ज तिलक राज शर्मा, फायरमैन हेमंत, होमगार्ड जवान भोले शंकर और सुनील विशेष रूप से उपस्थित रहे। विभागीय टीम ने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार की प्राकृतिक और मानव जनित आपदाओं के बारे में जानकारी दी। अग्निशमन विभाग की टीम ने आग लगने की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों, सुरक्षित स्थान पर पहुंचने, दूसरों को सतर्क करने और बचाव कार्यों के दौरान अपनाए जाने वाले जरूरी उपायों के बारे में जानकारी दी। विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों में अफवाहों से बचने, प्रशासन और बचाव दल के निर्देशों का पालन करने बारे प्रेरित किया।