संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। ठाकुर सेन नेगी राजकीय महाविद्यालय रिकांगपिओ में बुधवार को उच्च शिक्षा विभाग की गठित एसएआर पीअर टीम ने निरीक्षण किया। राजकीय महाविद्यालय ठियोग के प्राचार्य डॉ. भूपेंद्र ठाकुर, राजकीय महाविद्यालय नेरवा के प्राचार्य डॉ. एचएल शर्मा, ठियोग महाविद्यालय के डॉ. आदित्य सिंह दुल्टा, डॉ. विकास नाथन, डॉ. अनुपम वर्मा और ठियोग महाविद्यालय के अधीक्षक हरीश ने निरीक्षण टीम में भाग लिया। रिकांगपिओ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. उत्तम चंद चौहान, प्राध्यापकों और कर्मचारियों ने एसएआर टीम का जोरदार स्वागत किया। एसएआर टीम ने महाविद्यालय में उपलब्ध अकादमिक, खेलकूद, सांस्कृतिक, सह अकादमिक, गतिविधियों, सुविधाओं के रिकॉर्ड का आकलन, ढांचागत सुविधाओं, प्रयोगशालाओं, कंप्यूटर, आईसीटी लैब, पुस्तकालय, खेल मैदान, कन्या छात्रावास, बोटानिकल गार्डन, एनसीसी, एनएसएस, रोवर एंड रेंजर्स कार्यालयों, सीएससी, कार्यालय और गर्ल्स कॉमन रूम का निरीक्षण किया। पीअर टीम ने टीचिंग लर्निंग, स्टूडेंट सपोर्ट, प्रोगेशन, ढांचागत संसाधनों, संस्थागत प्रबंधन, बेस्ट प्रैक्टिस, इनोवेशन, संस्थागत विशिष्टता, फैकल्टी प्रोफाइल, अनुसंधान गतिविधियां और मिश्रित गतिविधियों सहित सात मानदंडों का अवलोकन, मूल्यांकन और निरीक्षण किया। डॉ. उत्तम चंद चौहान ने कहा कि अक्टूबर में महाविद्यालय ने एक रिपोर्ट पीअर टीम को सौंपी थी। इसके आधार पर टीम भौतिक सत्यापन के लिए दौरे पर आई थी। मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद महाविद्यालय को प्रदेश स्तरीय रैंकिंग प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार पूरे प्रदेश के राजकीय महाविद्यालयों की रैंकिंग होने पर ग्रेड प्रदान किए जाएंगे।