आनी (कुल्लू)। एक सप्ताह से बर्फबारी से अवरुद्ध नेशनल हाईवे 305 का जलोड़ीजोत क्षेत्र छोटे वाहनों के लिए तो बहाल कर दिया है, लेकिन सुबह और शाम का सफर अभी भी बेहद खतरनाक बना हुआ है। जलोड़ीजोत से आगे बड़ानाला की तरफ का क्षेत्र अत्यधिक ठंडा होने के चलते सड़क पर गाड़ियों के फिसलने का खतरा बना हुआ है।
गौर हो कि आनी उपमंडल के तहत 10280 फीट की ऊंचाई वाला प्रसिद्ध पर्यटन स्थल जलोड़ी दर्रा करीब 60 सेंटीमीटर से अधिक बर्फबारी से ढक गया है। बर्फबारी के कारण एनएच 305 एक सप्ताह से बंद हो गया था। नेशनल हाईवे प्राधिकरण ने सीजन की पहली और दूसरी बर्फबारी के बाद मार्ग को छोटे वाहनों के लिए खोल दिया था, लेकिन 26 नवंबर को फिर हुई बर्फबरी से एनएच एक बार फिर बाधित हो गया था। एनएच बंद होने से आनी और निरमंड तहसील के हजारों लोगों का जिला मुख्यालय कुल्लू से संपर्क कट जाता है और लोगों को अपने जरूरी कार्यों के लिए वाया शिमला, मंडी होते हुए सफर तय करना पड़ रहा है। एनएच प्राधिकरण के एसडीओ धनसिंह शर्मा ने कहा कि शुक्रवार को एनएच 305 को छोटे वाहनों के लिए बहाल कर दिया गया है। आनी मुख्यालय से जलोड़ी तक पहले ही मार्ग को खोल दिया गया था, लेकिन बड़ानाला से आगे काम जारी था। उन्होंने कहा कि आनी से जलोड़ी जोत तक बसों के लिए भी मार्ग बहाल है, जबकि इससे आगे अभी फिलहाल छोटे वाहनों के लिए ही मार्ग बहाल हो सका है।