रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिला मुख्यालय रिकांगपिओ में आयोजित जिला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह में विस उपाध्यक्ष डॉ. हंसराज ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया। क्षेत्रीय अस्पताल में तैनात नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अविनाश को उत्कृष्ट सेवा के लिए सम्मानित किया। डॉ. अविनाश ने गत वर्ष 6112 नेत्र रोगियों की जांच, 867 मोतियाबिंद और 114 ट्रीजीअम ऑपरेशन किए। वहीं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मूरंग के प्रधानाचार्य सुभाष चंद्र को भी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।
विस उपाध्यक्ष ने पुलिस विभाग में तैनात एएसआई शिव देव को भी सम्मानित किया, जिन्होंने जिले में नशा माफिया पर लगाम लगाने में अहम भूमिका निभाई है। राज्य सहकारी बैंक जिला प्रबंधक डीबी नेगी, जल शक्ति विभाग रिकांगपिओ के कनिष्ठ अभियंता दीपक कुमार, फिटर प्रताप सिंह को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। हिमाचल प्रदेश बालिका गौरव पुरस्कार 2021-22 के लिए ग्राम पंचायत सुंगरा के प्रधान राकेश कुमार, शुद्धारंग पंचायत प्रधान दलीप कुमार को सम्मानित किया। इन पंचायतों के बैंक खाते में 10-10 लाख रुपये की नकद राशि डाल दी गई है। उन्होंने महर्षि वाल्मीकि संपूर्ण स्वच्छता पुरस्कार के तहत खंड स्तर पर प्रथम आने वाली पंचायतों को भी सम्मानित किया, जिसमें कल्पा विकास खंड की किल्बा पंचायत प्रधान शंकर भगत, निचार विकास खंड की ग्राम पंचायत उरनी के प्रधान अनिल कुमार और पूह विकास खंड की ग्राम पंचायत ठंगी की प्रधान रूपा देवी को भी सम्मानित किया गया। इन पंचायतों के बैंक खाते में 10-10 लाख रुपये की नकद राशि डाल दी गई है। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले रावमापा कोठी, उत्कृष्ट पाठशाला रिकांगपिओ, रावमापा कल्पा, गलदन छोसकर महाविहार बौद्ध सांस्कृतिक सभा लिप्पा को छम और लॉयन नृत्य के लिए, बेठो नाग सांस्कृतिक क्लब यंगपा और महादेव खेल सांस्कृतिक क्लब पोवारी को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए सम्मानित किया गया। देशभक्ति पर आधारित लघु नाटिका के लिए रावमापा पांगी, दिव्यांग अक्षय नेगी को योगासन के लिए नकद पुरस्कार दिए गए।