दिन भर मंदिर में चला नाटियों का दौर
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। किन्नौर जिले के विष्णु नारायण मंदिर रोघी में फुल्याच पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। पर्व के दूसरे दिन ग्रामीणों ने देवता संग पारंपरिक नाटी डाली। दिन भर मेले में ढोल-नगाड़ों की थाप पर ग्रामीणों ने नाटियों का खूब दौर चलाया। वहीं, देवता साहिब के माली पदम चंद भंडारी ने स्वयं को शैल लगाकर तीन चक्कर में कायंग लगाया, जो आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा। उसके बाद ग्रामीणों ने पारंपरिक परिधानों में सजधज कर मंदिर ने नाटी डाली। ढोल-नगाड़ों की थाप पर ग्रामीण खूब झूमे। इन दिनों में किन्नौर जिले के विभिन्न स्थानों पर फुल्याच यानि फूलों का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। लोग आधुनिकता के दौर में भावी पीढ़ी को अपनी समृद्ध संस्कृति से रू-ब-रू करवा रहे हैं और संस्कृति संरक्षण का संदेश दे रहे हैं। जिले के कई स्थानों पर फुल्याच पर्व का आयोजन किया जा रहा है। हजारों ग्रामीण मेले का आनंद ले रहे हैं और अपने आराध्य देवी-देवताओं के समक्ष शीश नवाकर सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं। इस मौके पर विष्णु नारायण के मोतमीन अश्वनी कुमार नेगी, माली पदम चंद भंडारी, माथस राजेश कुमार नेगी, पुजारी रामभगत नेगी, भूपेंद्र कुमार नेगी, पूर्व माथस विजय कुमार नेगी और सतीश कुमार नेगी ने कहा कि इस वर्ष भी विशेष पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है।