रामपुर बुशहर। वन विभाग में वनरक्षक के पद पर भर्ती होने के लिए रामपुर के पाटबंगला मैदान में युवाओं ने खूब पसीना बहाया। पहले दिन करीब 600 युवाओं ने दौड़, लंबी और ऊंची कूद जैसी बाधाओं को पार किया। यह भर्ती प्रक्रिया 2 अक्तूबर तक चलेगी। हालांकि विभाग ने प्रतिदिन करीब 700 युवाओं के लिए ग्राउंड टेस्ट करवाने का लक्ष्य रखा है।
वन विभाग रामपुर सर्किल के तहत कुल 23 पद भरे जाने हैं। ग्राउंड टेस्ट में युवाओं के लिए 100 मीटर, 800 मीटर दौड़, ऊंची और लंबी कूद जैसी बाधाएं शामिल की गई है। ग्राउंड टेस्ट पास करने वाले अभ्यर्थी ही लिखित परीक्षा में बैठ सकेंगे। भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी रखने के लिए विभाग इसकी वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कर रहा है। वहीं भर्ती मैदान में दो सीसीटीवी भी स्थापित किए गए हैं।
ग्राउंड टेस्ट के लिए विभाग शारीरिक शिक्षकों और युवा सेवा एवं खेल विभाग का सहयोग ले रहा है। शुक्रवार को ग्राउंड टेस्ट से पूर्व सभी प्रतिभागियों के दस्तावेजों की जांच की गई और उनकी शारीरिक दक्षता को मापा गया। रामपुर वन विभाग के आईएफएस अधिकारी अरविंद कुमार ने कहा कि फॉरेस्ट गार्ड के लिए 2 अक्तूबर तक भर्ती प्रक्रिया चलेगी। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों से नियमानुसार भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने और इसे सफल बनाने की अपील की है।