सांगला (किन्नौर)। किन्नौर जिले के किल्बा में सोमवार देर रात अचानक आग लगने से दो मंजिला मकान जलकर राख हो गया है। अग्निकांड में दम घुटने से एक गाय की मौत हो गई। आग लगने की सूचना मिलते ही गांव के लोगों ने आग पर काबू पा लिया लेकिन, मकान को जलने से नहीं बचा सके।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार देर रात डेढ़ बजे जब मंगत राम का परिवार दूसरे मकान में सो रहा था तो अचानक पुराने मकान में आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने आग को काबू करने की कोशिश की, लेकिन लकड़ी का मकान होने के कारण मंगत राम के घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। अग्निकांड में करीब दस लाख का नुकसान बताया जा रहा है। मौके पर पहुंचे किल्बा के पटवारी गोपाल भगत ने बताया कि प्रशासन की ओर से पीड़ित को दो हजार रुपये फौरी राहत दे दी गई है। अग्निकांड में दो मंजिला मकान जलकर राख हो गया है। वहीं, एक गाय की दम घुटने से मौत हुई है। एसपी किन्नौर एसआर राणा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। आग कैसे लगी, अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। वहीं, उपायुक्त किन्नौर गोपाल चंद ने बताया कि राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया है। नुकसान का आकलन करने के बाद उचित मुआवजा दिया जाएगा।