रिकांगपिओ (किन्नौर)। किन्नौर जिला मुख्यालय रिकांगपिओ में पेट्रोल पंप के पास वीरवार देर शाम पुलिस ने गश्त के दौरान एक युवक को 57 ग्राम चरस के साथ पकड़ा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस थाना रिकांगपिओ से मिली जानकारी के मुताबिक रिकांगपिओ पुलिस की टीम एएसआई नरेंद्र कुमार कौंडल की अगुवाई में मुख्य आरक्षी कुलदीप डोगरा, प्रवीण, आरक्षी राकेश की टीम रिकांगपिओ में पेट्रोल पंप के नजदीक गश्त कर रही थी।
इस दौरान एक व्यक्ति शुदारंग से रिकांगपिओ की तरफ जा रहा था। पुलिस की टीम को देखकर उसने अपनी जैकेट की जेब से एक लिफाफा निकालकर सड़क की दूसरी ओर फेंक कर मौके से भागने लगा। पुलिस की टीम ने व्यक्ति का पीछा किया और लिफाफे से 57 ग्राम चरस बरामद की। आरोपी की पहचान नेपाली मूल के भगता (32), गांव हुडी, तहसील सुकेत, जिला कालीकोट, आंचल करनाली नेपाल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी विपिन कुमार ने कहा कि पुलिस ने एक व्यक्ति से 57 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों पर पुलिस पैनी नजर बनाए हुए है।