Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   Rampur Bushahar News ›   Conclusion of the International Lavi Fair

हिमाचल की संस्कृति, परंपरा और भाईचारे का प्रतीक है अंतरराष्ट्रीय लवी मेला : जगत सिंह नेगी

Sat, 14 Nov 2026 11:27 PM IST
Shimla Bureau शिमला ब्यूरो
Updated Sat, 14 Nov 2026 11:27 PM IST
विज्ञापन
Conclusion of the International Lavi Fair
लवी मेले के समापन पर मंत्री जगत ​सिंह नेगी को सम्मानित करते उपायुक्त अनुपम कश्यप। संवाद
. राजस्व मंत्री ने मेले के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि की शिरकत
विज्ञापन


कांग्रेस सरकार की चार साल की उपलब्धियां गिनाईं, भाजपा को भी घेरा

संवाद न्यूज एजेंसी

रामपुर बुशहर। संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। अंतरराष्ट्रीय लवी मेले का समापन समारोह उत्साह के साथ संपन्न हुआ। समापन समारोह में राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि रामपुर बुशहर का ऐतिहासिक लवी मेला केवल व्यापारिक गतिविधियों का आयोजन नहीं, बल्कि हिमाचल प्रदेश के इतिहास, संस्कृति, परंपरा और भाईचारे का प्रतीक है। रामपुर की धरती सदियों से विभिन्न संस्कृतियों, परंपराओं और सभ्यताओं के मिलन का केंद्र रही है। जब आधुनिक परिवहन और संचार के साधन उपलब्ध नहीं थे, उस समय भी रामपुर व्यापार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण केंद्र था। यहां तिब्बत सहित विभिन्न क्षेत्रों के व्यापारी पहुंचते थे और नमक, सूखे मेवे तथा अनेक स्थानीय उत्पादों का व्यापार होता था। इस व्यापार की सबसे बड़ी पूंजी आपसी विश्वास और रिश्ते थे। लवी मेले ने हमेशा यह संदेश दिया है कि पहाड़ों के बीच दूरियां हो सकती हैं लेकिन दिलों के बीच दूरियां नहीं होनी चाहिए। मंत्री जगत सिंह नेगी ने पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत राजा वीरभद्र सिंह को याद करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय लवी मेले को आज के मुकाम तक पहुंचाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। हिमाचल में ऊपरी और निचले क्षेत्रों के लोगों के बीच भेदभाव की राजनीति को कम करने और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाने में वीरभद्र सिंह की बड़ी भूमिका रही। इसके लिए प्रदेश की जनता उन्हें हमेशा याद रखेगी। उन्होंने दिवंगत विधायक नंदलाल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की नीतियों और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए राजस्व मंत्री ने भाजपा के पूर्व पांच साल के कार्यकाल पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार के समय हिमाचल के विकास के लिए नई सोच और योजनाएं तैयार करने के बजाय प्रदेश पर कर्ज का बोझ बढ़ाया गया। केंद्र और प्रदेश दोनों जगह भाजपा की सरकार होने के बावजूद हिमाचल के हित में अपेक्षित कदम नहीं उठाए गए। उन्होंने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार ने प्राकृतिक आपदाओं से हुए भारी नुकसान और आर्थिक संसाधनों की कमी के बावजूद विकास कार्यों को रुकने नहीं दिया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 और 2025 में प्राकृतिक आपदाओं के कारण प्रदेश में हजारों मकान क्षतिग्रस्त हुए, जमीनें बर्बाद हुईं और सड़क, बिजली तथा पेयजल व्यवस्था को भारी नुकसान पहुंचा। ऐसे समय में केंद्र सरकार ने हिमाचल को अपेक्षित सहयोग नहीं दिया। विधानसभा में प्रदेश के लिए विशेष आर्थिक पैकेज की मांग को लेकर प्रस्ताव पारित किया गया लेकिन भाजपा के सांसदों और नेताओं ने इसका समर्थन नहीं किया।
इंतकाल प्रक्रिया को ऑनलाइन करने की शुरुआत की जा रही
राजस्व विभाग में किए जा रहे सुधारों का जिक्र करते हुए मंत्री ने कहा कि पहले लोगों को इंतकाल करवाने के लिए लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता था। अब हर महीने के अंतिम दो दिन राजस्व अदालतें लगाई जा रही हैं, जहां इंतकाल से संबंधित मामलों का निपटारा किया जाता है। इंतकाल प्रक्रिया को ऑनलाइन करने की शुरुआत भी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जमीन की रजिस्ट्री के लिए लोगों को बार-बार तहसीलों के चक्कर लगाने पड़ते थे। इस प्रक्रिया को सरल और ऑनलाइन बनाने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। राजस्व अधिकारियों के लिए समयसीमा भी निर्धारित की गई है, ताकि आम जनता के काम तय समय में पूरे हो सकें और अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित हो।
विज्ञापन

उपायुक्त ने स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित, कलाकारों ने बांधा समां
समापन समारोह के दौरान उपायुक्त अनुपम कश्यप ने मुख्य अतिथि राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों का मनोरंजन किया। लोक संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियों ने समारोह में हिमाचली परंपराओं के रंग बिखेरे और दर्शकों ने कार्यक्रम का खूब आनंद लिया। समारोह के बाद राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने किन्नौरी मार्केट और विभागीय प्रदर्शनियों का भी निरीक्षण किया।
विज्ञापन
विज्ञापन

प्रदर्शनी में लवी इतिहास के झरोखे को मिला प्रथम स्थान
विभागीय प्रदर्शनी में लवी इतिहास के झरोखे को प्रथम स्थान मिला है। साथ ही पशुपालन एवं कृषि विभाग को संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान और बागवानी एवं वन विभाग को संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। इसके अतिरिक्त हस्तशिल्प, हथकरघा एवं कलाकृतियों की प्रदर्शनियों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 5,100 द्वितीय को 3,100 और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 2,100 रुपये की नकद राशि देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने विभिन्न प्रदर्शनियों का अवलोकन भी किया और प्रतिभागियों की ओर से तैयार किए गए उत्पादों एवं पारंपरिक कलाकृतियों की सराहना की। राजस्व मंत्री ने सहायता समूह की ओर से लगाए गए फूड फेड के स्टॉल का अवलोकन किया और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित भी किया।



यह रहे मौजूद
समापन समारोह में कोऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष देवेंद्र श्याम, अध्यक्ष मिल्कफेड बुद्धि सिंह, अध्यक्ष एचपीएमसी देवा नंद वर्मा, हिमकॉन के अध्यक्ष विकेश चौहान गिन्नी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, उपमंडलाधिकारी (नागरिक) एवं सचिव मेला समिति हर्ष अमरेंद्र सिंह, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लाल चंद शर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे।

लवी मेले के समापन पर मंत्री जगत सिंह नेगी को सम्मानित करते उपायुक्त अनुपम कश्यप। संवाद

लवी मेले के समापन पर मंत्री जगत सिंह नेगी को सम्मानित करते उपायुक्त अनुपम कश्यप। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed