चौपाल नगर पंचायत क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल( रोहड़ू)। डिग्री कॉलेज चौपाल में राष्ट्रीय सेवा संगठन का विशेष शिविर चल रहा है। शुक्रवार को चौपाल नगर पंचायत क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया। यह अभियान स्वच्छ-शहर, समृद्ध-शहर कार्यक्रम के अंतर्गत एसडीएम हेम चंद वर्मा की अध्यक्षता में चलाया गया। नगर पंचायत चौपाल परिसर, डिग्री कॉलेज परिसर और तहसील परिसर में अभियान के तहत लोगों को जागरूक किया गया। अभियान में तहसीलदार रोहित जालटा, नायब तहसीलदार प्रशांत शर्मा, डिग्री कॉलेज चौपाल के प्रधानाचार्य रविंद्र चौहान, विभागों के अधिकारी, एनएसएस के छात्र-छात्राएं, अध्यापक, नगर पंचायत के अधिकारी और सफाई कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर परिसरों की साफ-सफाई की और आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया। अभियान के दौरान डिग्री कॉलेज चौपाल के एनएसएस स्वयंसेवियाें ने नुक्कड़ नाटक से सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभाव बताए। लोगों से प्लास्टिक का उपयोग न करने और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग देने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में राजिंदर झारटा ने डिग्री कॉलेज चौपाल के एनएसएस छात्र-छात्राओं का विशेष धन्यवाद किया, जो पिछले छह दिनों से नगर पंचायत चौपाल के सभी वार्डों में स्वच्छता अभियान चला रहे हैं।