बार-बार शिकायत के बावजूद नहीं सुधर रही करीब दो किलोमीटर सड़क की हालत
संवाद न्यूज़ एजेंसी
नित्थर (कुल्लू)। नित्थर मुख्य बाजार की सड़क की हालत लगातार बिगड़ती जा रही है। करीब दो किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे हैं। बारिश में सड़क कीचड़ से भर जाती है, जबकि मौसम साफ होने पर उड़ती धूल से दुकानदारों और राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्कूली बच्चों की वर्दियां कीचड़ से खराब हो रही हैं, वहीं महिलाओं और बुजुर्गों के लिए बाजार में चलना मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की खराब हालत लोक निर्माण विभाग के कार्यालय के पास भी बनी हुई है। विभाग की ओर से कभी नालियों का निर्माण होने के बाद टारिंग, तो कभी पैचवर्क करने की बात कही जाती रही, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। नित्थर पंचायत के प्रधान प्रवीण कुमार, देहरा की प्रधान अनिता ठाकुर, नित्थर के उपप्रधान कुकू ठाकुर, देहरा के उपप्रधान ओम प्रकाश सहित स्थानीय लोगों ने विभाग से सड़क की तत्काल मरम्मत और मेटलिंग करवाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि मौसम अनुकूल होने पर तुरंत सड़क सुधारने का काम शुरू किया जाए, ताकि सर्दियों से पहले राहत मिल सके। उधर, लोक निर्माण विभाग नित्थर के सहायक अभियंता यशपाल ठाकुर ने बताया कि सड़क का ठेका दिए गए ठेकेदार की ओर से काम नहीं किया जा रहा है। इसके चलते ठेका रद्द करने की प्रक्रिया की जाएगी।