रामपुर बुशहर। झाकड़ी के नजदीक गसो पुल के समीप सुंदरनगर-रिकांगपिओ की बस दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिलते ही रामपुर से लेकर किन्नौर तक हड़कंप मच गया। हादसे की सूचना मिलते ही लोग अपनों की सलामती के लिए प्रार्थनाएं करते हुए फोन पर जानकारी लेते हुए दिखाई दिए। वहीं रामपुर से बड़ी संख्या में लोग बचाव कार्यों में मदद के लिए फौरन घटनास्थल पर पहुंच गए। लोगों ने घायलों को सड़क तक पहुंचाने में पुलिस की मदद की।
गनीमत रही कि पेड़ों की वजह से एचआरटीसी बस सीधे नाले में न गिरकर धीरे-धीरे नीचे उतरी, जिससे 33 सवारियों की जिंदगी सुरक्षित बच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस, आईटीबीपी और सीआईएसएफ के जवानों सहित स्थानीय ग्रामीणों ने घायलों को तुरंत रेस्क्यू किया और घायलों को खनेरी अस्पताल पहुंचाया, जिनका यहां पर उपचार चल रहा है।
बस दुर्घटना होने की सूचना मिलते ही सभी लोग अपने-अपने रिश्तेदारों से पूरी जानकारी लेते रहे। कई लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों की मदद करने में जुटे गए। घटनास्थल पर पहुंचे एचआरटीसी रामपुर डिपो के आरएम प्रेम कश्यप ने बताया कि बस में 33 लोग सवार थे, जिनमें सभी सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक हादसे के कारणों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।