रामपुर में जागरुकता शिविर का हुआ आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। हिमाचल प्रदेश भवन एवं निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के सौजन्य रामपुर में जागरुकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में सातवें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं विधायक नंदलाल बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि नंदलाल ने कहा कि भवन एवं संनिर्माण कामगार कल्याण बोर्ड में भवन, मार्गों , सड़कों, सिंचाई, जल निकास, तट बंध, बाढ़ नियंत्रण लाइनों, टेलीफोन, तार और ओवरसीज, संचार आदि में काम करने वाले कामगार पंजीकृत हो सकते हैं। पंजीकरण के लिए आयु 18 से 60 वर्ष की मध्य होनी चाहिए और पिछले 12 माह में कम से कम 90 दिन तक भवन एवं निर्माण कार्य में काम किया होना चाहिए । उन्होंंने श्रम कल्याण अधिकारी रामपुर से कहा कि श्रमिकों को उनको मिलने वाले लाभ के बारे में जानकारी दें, ताकि उन्हें सरकार की योजनाओं से वंचित न होना पड़े। इस अवसर पर अध्यक्ष श्रम कल्याण बोर्ड हिमाचल प्रदेश नर देव सिंह कंवर ने कहा कि किसी भी कामगार को कोई भी समस्या हो तो अपनी समस्या को लेकर मेरे पास आए, ताकि आपकी समस्या का समय पर निदान हो सके। इस अवसर पर श्रमिकों की समस्याएं भी सुना गया और लाभार्थियों को सोलर लालटेन भी प्रदान किए गए। इस मौके पर बीडीसी अध्यक्ष आशीष कायथ, श्रम कल्याण अधिकारी रामपुर विक्रम सिंह और श्रम विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।