Radha Swami Satsang Beas: चैरिटेबल अस्पताल भोटा के लिए सात जगह सड़कों पर उतरे लोग, तीन घंटे एनएच जाम, जानें
राधास्वामी सत्संग ब्यास के भोटा चैरिटेबल अस्पताल को बंद न किए जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन लगातार जारी है। प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी जिला प्रशासन से इस मामले की अपडेट लेते रहे।
विस्तार
राधास्वामी सत्संग ब्यास के भोटा चैरिटेबल अस्पताल को बंद न किए जाने की मांग को लेकर वीरवार को भी प्रदर्शन का दौर जारी रहा। इस दौरान शिमला-मटौर एनएच पर भोटा अस्पताल के बाहर, बड़सर, सलौणी, गलोड़, भोरंज के सुलगवान, लदरौर और तरक्वाड़ी में लोग सड़कों पर उतरे। लोगों ने शिमला-मटौर एनएच पर तीन घंटे तक धरना देकर चक्का जाम किया। बीते बुधवार को पांच घंटे तक लोगों ने यहां प्रदर्शन किया था। लगातार दूसरे दिन लोगों का प्रदर्शन यहां पर जारी रहा।
शिमला और हमीरपुर दोनों ओर से वैकल्पिक मार्गों पर यातायात को डायवर्ट किया गया, जिसके चलते यातायात बाधित नहीं हुआ। हालांकि, सलौणी में करीब डेढ़ घंटे तक ऊना-बड़सर और शाहतलाई सलौणी सड़क पर यातायात बाधित रहा। लोगों ने कहा कि भोटा चैरिटेबल अस्पताल के सुचारु संचालन के लिए ब्यास प्रबंधन की जमीन के स्वामित्व के हस्तातंरण की मांग को सरकार पूरा करे। प्रबंधन को सरकार लिखकर दे कि उनकी मांग को पूरा किया जाएगा। पुलिस ने यातायात को बहाल करने के लिए हमीरपुर की ओर से आ रहे वाहनों को डिडवीं टिक्कर से वाया ताल पट्टा के लिए डायवर्ट किया था, जबकि शिमला से आ रहे वाहनों को सौर से वाया मनसुई होते हुए भोटा बाइपास के लिए डायवर्ट किया था। इस वजह से वीरवार को जाम की स्थिति नहीं बनी।
हालांकि जिस शिमला मटौर एनएच पर चक्का जाम किया गया, उससे लोगों ने एंबुलेंस को गुजरने के लिए रास्ता दे दिया। भोटा, सलौणी, बड़सर और गलोड़ में कानून व्यवस्था बनाए रखने के पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। ऊना-भोटा और सलौणी-दियोटसिद्ध में डेढ़ घंटे तक यातायात बाधित रहा। यहां पर छह लोगों के खिलाफ यातायात बाधित करने पर केस दर्ज किया गया है।
वरिष्ठ अधिकारी जिला प्रशासन से लेते रहे अपडेट
प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी जिला प्रशासन से इस मामले की अपडेट लेते रहे। सीएम सुक्खू प्रेसवार्ता कर इस मामले में अध्यादेश लाने की बात कह चुके हैं, लेकिन लिखित आश्वासन को लेकर सरकार और राधास्वामी सत्संग ब्यास में पेच फंसा है। इसके चलते प्रबंधन ने एक दिसंबर से अस्पताल को बंद करने का निर्णय लिया है। इससे नाराज जिलेभर में लोग सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रदर्शन करने पर दो दर्जन से अधिक लोगों पर केस दर्ज
प्रदर्शन के दौरान यातायात बाधित करने और भीड़ को प्रदर्शन के लिए उकसाने पर एक दर्जन से अधिक लोगों पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किए हैं। भोटा में बुधवार को प्रदर्शन करने वाले लोगों पर केस दर्ज हुए हैं, जबकि वीरवार को भोटा और सलौणी दोनों जगह प्रदर्शन में शामिल डेढ़ दर्जन के करीब लोगों को नामजद करते हुए केस दर्ज किए गए हैं। एएसपी हमीरपुर राजेश कुमार ने कहा कि मामले में नियमों के तहत कार्रवाई की गई है।