सुंदरनगर (मंडी)। क्षेत्र के तहत आने वाली बरोटी पंचायत के पंद्राह और मुंडखर गांवों में ग्रामीण पानी के लिए तरस गए हैं। आलम यह है कि ग्रामीणों को दो सप्ताह के बाद भी नाम मात्र पानी मिल रहा है। पीने के अभाव में अपने दैनिक कार्यों कपड़े, बर्तन, धोने और नहाने आदि के लिए मुश्किल हो रही है। यह लोग हैंडपंप और प्राकृतिक जल स्रोतों से दो से तीन किलोमीटर दूर जाकर पानी ढोकर गुजारा कर रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि बेशक सरकारें और विभाग घर-घर नल और जल के दावे कर रहे हैं, लेकिन उनके गांवों में पानी की दिक्कतें सालों से चल रही है। कोई भी सरकार और विभागीय अधिकारी उनकी नहीं सुन रहे हैं और लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। ग्रामीणों प्यार चंद, काशी राम, बीना देवी, जगदीश, रणजीत, शेर सिंह, राजकुमार आदि ने बताया कि पिछले कई सालों से वे पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। कई बार विभाग को शिकायत कर चुके हैं और सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायत करने के बाद आज तक उनकी पानी की समस्या का हल नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि पानी के इंतजाम में ही उनका पूरा दिन गुजर रहा है। नाैकरीपेशा लोगों को पानी के ही इंतजाम में रहना पड़ रहा है जिससे उनके कई काम प्रभावित हो रहे हैं। अधिशासी अभियंता जलशक्ति विभाग रजत गर्ग ने कहा कि तुरंत प्रभाव से वह जेई से इसके बारे में रिपार्ट लेंगे और लोगों की समस्या का शीघ्र समाधान होगा।