थुनाग (मंडी)। सराज विधानसभा क्षेत्र के प्रसिद्ध देवता एवं हजारों पहाड़ियों के राजा देव शैटीनाग के मंदिर शैटाधार में शनिवार को शुरू हुए सायरी मेले में हजारों श्रद्धालुओं ने माथा टेका। इस अवसर पर देवता के दर्शन करने के लिए मंदिर के बाहर लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं।
शैटीनाग के मंदिर में साजा शौऊज यानी अश्विन मास की संक्रांति पर शैटाधार मंदिर परिसर में होने वाला मेला इस बार दो दिन मनाया जा रहा है। पहले दिन देवता मंदिर परिसर में विराजे और पूरा दिन भक्तों को आशीर्वाद दिया। श्रद्धालुओं ने देवता को अखरोट, मक्की, घी और फल अर्पित किए। वहीं शैटीनाग मंदिर परिसर में मुंडन संस्कार भी सुबह से शाम तक चलता रहा। सराज के केंद्र में पड़ने वाला यह स्थान सड़क से चारों ओर जुड़ गया है। इस कारण यहां काफी संख्या में लोग शनिवार को पहुंचे। देव के कारिंदे तुले राम ने बताया कि के मेला 17 व 18 सितंबर दो दिन तक चलेगा। सायरी मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं और देवता का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।