{"_id":"58d55d744f1c1bfc2f1a1cdf","slug":"officer-in-front-daimeg-water-pipes","type":"story","status":"publish","title_hn":"अधिकारियों के सामने ही उखाड़ दी पेयजल योजना की पाइपें","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अधिकारियों के सामने ही उखाड़ दी पेयजल योजना की पाइपें
ब्यूरो/अमर उजाला, मंडी
Updated Fri, 24 Mar 2017 11:25 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बरोटी पंचायत में कुछ लोगों ने आईपीएच अधिकारियों के सामने ही पेयजल योजना की मुख्य पाइपें उखाड़ दी। इससे दो गांवों में होने वाली पेयजल सप्लाई ठप हो गई। आईपीएच विभाग ने पाइप तोड़ने वालों के खिलाफ पुलिस में लिखित शिकायत दी है। विभाग ने एसडीएम सुंदरनगर को भी इस बावत सूचना दे दी है।
विज्ञापन
इस पेयजल योजना से ओवरहेड टैंक में पानी डालने को लेकर ग्रामीणों में विवाद चल रहा है। विवाद को सुलझाने के लिए मौके पर पहुंचे अधिकारियों के समक्ष ही कुछ लोगों ने पाइपों को तोड़ कर फेंक दिया। मामले में विभाग की शिकायत पर जल्द ही एफआईआर दर्ज होगी।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार विभागीय अधिकारी ठाणा खड्ड स्थित पंप हाउस पर कार्य करवाने के लिए पहुंचे। ठाणा लैहड़ उठाऊ पेयजल योजना से कुछ लोग लैहड़ में कम ऊंचाई पर बने ओवरहेड में पानी डालना चाहते हैं। इसका अन्य ग्रामीण विरोध कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि ठाणा गांव में इस योजना का मुख्य टैंक बनाया गया है जहां से दोनों गांवों में लंबे अरसे से पेयजल सप्लाई हो रही है।
विज्ञापन
ग्रामीण इसी टैंक से ओवरहेड टैंक में पानी डालने की मांग कर रहे हैं। विभाग ने दबाव के चलते सीधा ओवरहेड टैंक में ही पानी डालने के लिए पाइपें डालने का कार्य शुरू कर दिया। इस पर ग्रामीण भड़क गए। ग्रामीणों ने अधिकारियों को मुख्य टैंक में पानी डालने का आग्रह किया। इसी बीच दूसरे पक्ष के लोगों ने सीधे ओवरहेड टैंक में पानी डालने का विवाद खड़ा कर दिया।
बहसबाजी के बाद दोनों पक्षों में मुख्य टैंक से ओवरहेड टैंक में पानी डालने के लिए सहमति बनी। बाद में दूसरा पक्ष फिर से योजना के स्रोत से लैहड़ गांव में बने ओवरहेड टैंक में पानी डालने की जिद करने लगे जिससे ग्रामीणों में सहमति नहीं बन सकी। अभी अधिकारी मौके पर ही थे कि कुछ युवकों ने योजना की मुख्य पाइपों को ही उखाड़ दिया। अधिकारियों ने योजना के पंप हाउस पर ताला जड़ दिया है। हालात बिगड़ते देख विभाग के अधिकारी मौके से चलते बने। इससे यहां पर 60 परिवारों की पेयजल सप्लाई भी ठप है।
सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग की लैहड़ गांव पर विशेष कृपा है। एक ओर विभाग के पास पाइपें नहीं है वहीं इस गांव के महज 25 परिवारों के लिए विभाग ने चार वर्ष के भीतर दो-दो टैंक बना दिए। एक टैंक में गत चार वर्ष से पानी की एक बूंद तक नहीं डाली गई है।
ठाणा गांव के ग्रामीणों का कहना है कि योजना के प्रारूप के अनुसार कार्य नहीं किया जा रहा है। पारूप में स्पष्ट है कि मुख्य टैंक में ही योजना के स्रोत से पानी डाला जाएगा। इसके बावजूद इसके विभाग सीधा ओवरहेड टैंक में पानी डाल रहा है। इससे मुख्य टैंक में जलस्तर कम होगा और उन्हें पेजयल किल्लत का सामना करना पड़ेगा।
विभागीय अधिकारियों के सामने कुछ लोगों ने पाइपों तोड़ी है। विभाग भी राजनीतिक दबाव के कारण उचित कार्रवाई नहीं कर रहा है। इस कारण पेयजल सप्लाई भी ठप हो गई।
लेख राम भारद्वाज, पंचायत प्रधान बरोटी
आईपीएच के अधिशासी अभियंता उदय कुमार ने कहा कि जिन लोगों ने पाइपे तोड़ कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया है। उनके खिलाफ पुलिस लिखित शिकायत सौंप दी गई है। एसडीएम सुंदरनगर को भी मामले के बारे सूचित कर दिया गया है।