Mandi News: सुधराणी पंचायत के प्रधान, उपप्रधान और तीन सदस्य निलंबित, जांच के बाद गिरी गाज; लगे हैं ये आरोप
हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी की ग्राम पंचायत सुधराणी में पंचायत के प्रधान, उपप्रधान सहित तीन पंचायत सदस्यों को निलंबित कर दिया है। पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
उपमंडल बालीचौकी की ग्राम पंचायत सुधराणी में विकास कार्यों में गंभीर अनियमितताओं के आरोपों के चलते जिला पंचायत अधिकारी ने पंचायत के प्रधान, उपप्रधान सहित तीन पंचायत सदस्यों को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर की गई है। निलंबित प्रतिनिधियों पर सरकारी धन और योजनाओं के दुरुपयोग का आरोप है।
मनरेगा सहित अन्य विकास कार्यों में नियमों के उल्लंघन और ठेकेदारों को निर्धारित राशि से अधिक भुगतान किए जाने की शिकायत सामने आई थीं। शिकायतकर्ता चुनी लाल की शिकायत पर विकास खंड स्तर पर जांच समिति गठित की गई थी। समिति की रिपोर्ट में अनियमितताएं पाए जाने के बाद पंचायत अधिकारी को रिपोर्ट सौंपी गई, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई।
जारी आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि सभी संबंधित पंचायत प्रतिनिधियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए थे लेकिन संतोषजनक जवाब न मिलने के कारण प्रधान, उपप्रधान व तीन पंचायत सदस्यों को निलंबित किया गया है। हालांकि इस कार्रवाई को लेकर निलंबित पंचायत प्रतिनिधियों ने कड़ा विरोध जताया है और इसे राजनीतिक साजिश करार दिया है। उनका कहना है कि पंचायतों का कार्यकाल 31 जनवरी को समाप्त हो रहा है। ऐसे में कार्यकाल खत्म होने से ठीक पहले की गई यह कार्रवाई संदेह के घेरे में है।