मंडी: 500 ग्राम चरस के साथ कार सवार दो गिरफ्तार, भराड़ू में नाकाबंदी के दौरान पुलिस की कार्रवाई
मंडी जिले के भराड़ू में पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक कार की तलाशी लेकर 500 ग्राम चरस बरामद की है। मामले में पधर तहसील निवासी दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है और नशे की सप्लाई से जुड़े संभावित नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
जोगिंद्रनगर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भराड़ू में नाकाबंदी के दौरान एक कार से 500 ग्राम चरस बरामद की है। मामले में पुलिस ने कार सवार दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी पधर तहसील के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर को बस्सी पुलिस चौकी की टीम 33 केवी भराड़ू के समीप नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान नौहली की ओर से भराड़ू की तरफ आ रही एक कार को जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान पुलिस को कार से 500 ग्राम चरस बरामद हुई।
पुलिस ने कार सवार लाल सिंह और भीम सिंह, दोनों निवासी तहसील पधर, जिला मंडी, को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ पुलिस थाना जोगिंद्रनगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20, 25 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों को 29 सितंबर को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। अब जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद चरस कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। पुलिस आरोपियों के संभावित संपर्कों और नशे की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगामी जांच जारी है।