धर्मपुर (मंडी)। जिला परिषद कर्मचारी एवं अधिकारी वर्ग ने मांगें पूरी न होने पर 30 सितंबर से हड़ताल का एलान किया है। इस वर्ग का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को बीडीओ धर्मपुर से मिला। उन्होंने बीडीओ के माध्यम से मुख्यमंत्री, पंचायतीराज और ग्रामीण विकास मंत्री, निदेशक पंचायती राज को एक ज्ञापन भेजा। इसमें साफ किया है कि अगर सरकार उन्हें जिला परिषद कैडर से बदलकर पंचायतीराज या ग्रामीण विकास विभाग में मर्ज नहीं करेगी तो 30 सितंबर से सभी जिला परिषद कैडर के कर्मचारी और अधिकारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।धर्मपुर इकाई अध्यक्ष दीपक वर्मा ने कहा कि पिछली सरकार ने भी इस वर्ग की अनदेखी की है। अब वर्तमान सरकार भी उसी राह पर चली है। कहा कि कर्मचारियों को उम्मीद थी कि उनकी इस मांग को वर्तमान सरकार अवश्य पूरा करेगी, क्योंकि चुनाव से पहले कांग्रेस ने वायदा किया था कि वह उनकी मांग को पूरा करेगी, लेकिन सरकार बने 10 माह होने के बाद भी उनकी मांग पूरी नहीं हो सकी है। कहा कि प्रदेश कार्यकारिणी के आह्वान पर यह ज्ञापन भेज दिया है, अगर सरकार उनकी मांग को पूरा नहीं करेगी तो फिर 30 सितंबर से अनिश्चित हड़ताल शुरू की जाएगी।
इस मौके पर सुनील कुमार, कृष्ण चंद, ज्ञान चंद, धर्मिला देवी, लता ठाकुर, हंसराज, प्रकाश चंद, रणजीत सिंह, संजय कुमार, देशराज, राज कुमार, ललित कुमार, कांता देवी, विनोद, शकुंतला, श्याम सिंह, रोबिन, विनोद, मीना, वीना, शशि, मंजू, विमला, सावित्री, चंपा सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।