डैहर (मंडी)। सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र की झुमकी पंचायत में इन दिनों हरी मटर की नकदी फसल किसानों के लिए अच्छी आमदनी का जरिया बनी हुई है। किसान बड़ी संख्या में मटर की खेती कर रहे हैं और मौजूदा समय में फसल के अच्छे दाम मिलने से किसानों के चेहरे खिले नजर आ रहे हैं।
झुंगी और मजास क्षेत्र के किसान मीना ठाकुर, रीता ठाकुर, पंकज, नरेंद्र ठाकुर, रमेश ठाकुर, भूपेंद्र, मीरा, सुषमा, शांति और दिव्या सहित सैकड़ों परिवार लंबे समय से खेतीबाड़ी से जुड़े हुए हैं। किसानों का कहना है कि हरी मटर उनकी प्रमुख नकदी फसल बन चुकी है, जिससे उन्हें सीधी आर्थिक मदद मिल रही है। किसानों के अनुसार शुरुआत में मटर का भाव 60 से 80 रुपये प्रति किलो तक रहा, जबकि वर्तमान में बाजार में थोड़ी गिरावट आने के बावजूद किसानों को 40 से 65 रुपये प्रति किलो तक दाम मिल रहे हैं। कई किसानों को घर पर ही करीब 65 रुपये प्रति किलो के हिसाब से भुगतान मिल रहा है। नौण घरोट के शशिकांत ने क्षेत्र के किसानों से कहा कि झुंगी पंचायत में सब्जी उत्पादन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रहा है।