सरकाघाट (मंडी)। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मंडी जिले के सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र की रखोटा पंचायत में आयोजित सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में जनता से सीधा संवाद किया और मौके पर जनसमस्याएं निपटाईं। उन्होंने करीब 135 मांग प्रस्तावों और जन समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया। कार्यक्रम में अधिकतर आवेदन विकास मांगों से संबंधित थे। उपमुख्यमंत्री ने हर व्यक्ति से सीधा संवाद किया और हर संभव मांग को पूरा करने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में भदरोता क्षेत्र की 16 पंचायतों को शामिल किया गया था। इनमें भद्रवाड़, समसौह, रखोटा, गौंटा, थौना, जमनी, गाहर, टिक्कर, रिस्सा, पिन्गला, चलहोग, खाहन, मसेरन, बाग, चौरी और कास पंचायतें शामिल थीं। इससे पहले उपमुख्यमंत्री और सांसद ने सरकाघाट के प्रसिद्ध नबाही माता मंदिर में पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उपमुख्यमंत्री ने सरकाघाट के नबाही माता मंदिर के प्राचीन तालाब के जीर्णोद्धार के लिए 25 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने रखोटा पंचायत के प्रांगण में बने मंच के सुधार के लिए पांच लाख, प्राचीन बताली माता मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 10 लाख देने की घोषणा भी की। उन्होंने भदरोता क्षेत्र की सभी 16 पंचायतों के महिला मंडलों को 5-5 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने भदरोता क्षेत्र से प्रदेश के बाहर के धार्मिक स्थलों के लिए दो नए बस रूट शुरू करने की मंजूरी दी। कार्यक्रम में यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यदुपति ठाकुर, प्रदेश कांग्रेस सचिव अनिल शर्मा, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी डॉ. मदन कुमार, एसडीएम सरकाघाट स्वाति डोगरा, स्थानीय प्रधान सुरेश ठाकुर सहित अन्य मौजूद रहे।