अवाहदेवी (हमीरपुर)। सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के टौणीदेवी में बमसन भाजपा मंडल ने धरना-प्रदर्शन किया। धरने में पूर्व विधायक एवं प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता राजेंद्र राणा विशेष रूप से उपस्थित रहे। भाजपा नेताओं का कहना कि विकास कार्यों के ठप होने और सड़कों की खस्ता हालत होने के चलते यह धरना प्रदर्शन किया गया है। धरने के बाद टौणीदेवी के तहसीलदार माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा गया है।
राजेंद्र राणा ने सरकार पर साधा निशाना साधते हुए कहा कि सवा महीने पहले उटपुर में आईटीआई भवन के निर्माण को लेकर विरोध जताया था। आज तक वहां सिर्फ पिलर खड़े हैं। ठेकेदार पेमेंट न होने से सामान लेकर भाग गया है। टौणीदेवी से सुजानपुर तक सभी सड़कें टूट कर खड्डों में बदल गई हैं। एचआरटीसी की बसें बंद हैं और जल शक्ति विभाग का रेस्ट हाउस, टाउन हॉल, पीएचसी का काम सब बंद पड़ा है। स्थानीय विधायक मौन हैं और सरकार सोई हुई है। उन्होंने कहा यह सरकार गूंगी-बहरी और निकम्मी है। महिलाओं, कर्मचारियों, किसानों, नौजवानों से किए सारे वादे धराशायी हो गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर एक माह में सड़कों की हालत नहीं सुधरी और बंद काम शुरू नहीं हुए, तो भाजपा सड़कों पर उतर कर बड़ा आंदोलन करेगी। इस मौके पर किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष अनिल काकू, महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष अर्चना चौहान सहित जिला और मंडलों के पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।