मंडी। पूर्व सैनिकों ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने का मन बना लिया है। पूर्व सैनिकों का कहना है कि कारगिल हीरो ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर लोकसभा के चुनाव पैनल में तो होते हैं लेकिन उन्हें खाली हाथ ही लौटाया जा रहा है। भाजपा को यह अनदेखी भारी पड़ने वाली है। सैनिक लीग ने चेतावनी दी है कि अब जिला के सभी पूर्व सैनिक जल्द मिलकर पार्टी के खिलाफ रणनीति बनाएंगे। उधर, कारगिल हीरो को टिकट नहीं देने पर सोशल मीडिया पर भी पूर्व सैनिक खूब नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। जोगिंद्रनगर, सुंदरनगर, बल्ह, चच्योट, पधर, लड़भडोल, कोटली, सरकाघाट, सदर मंडी के पूर्व सैनिकों में भाजपा की अनदेखी पर रोष है। लीग के जिला महासचिव सूबेदार बहादुर सिंह ने कहा कि प्रदेश में 13 लाख के करीब पूर्व सैनिक परिवार हैं। नाराज पूर्व सैनिकों ने अब इस अनदेखी के खिलाफ नई नीति बनाने का फैसला लिया है। उन्होंने संकेत दिए हैं कि वह चुनावों में भाजपा विरोधी कार्य करेंगे। पूर्व सैनिकों में ब्रिगेडियर भल्ला, कर्नल केके मल्होत्रा, कर्नल एसएल तलवार, कर्नल प्रताप सिंह, मेजर श्रवण सिंह, कर्नल जीउस शही, कैप्टन हेत राम शर्मा, सूबेदार मेजर टेक चंद, धर्मपाल, बीसी ठाकुर, बलदेव सिंह, राजेश्वर ठाकुर, हरि सिंह, टशी डोगरा, प्रेम सिंह, टेक सिंह आदि ने कहा कि पूर्व सैनिक भाजपा की अनदेखी से नाराज हैं तथा शीघ्र ही अगली रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
000