कुल्लू। 2018 से यातायात के लिए बंद भूतनाथ पुल का मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रविवार को निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री तीन साल बाद फिर पुल का निरीक्षण करने पहुंचे थे। उन्होंने लोनिवि अधिकारियों से विशेषज्ञों के निर्देश पर इस पुल की मरम्मत करवाने को कहा। शहर के बीचोंबीच ब्यास नदी पर बने पुल को तैयार होने में सरकार, प्रशासन व लोनिवि ने तारीख पर तारीख ही दी है। लेकिन पुल का लाभ शहरवासियों को नहीं मिल पाया है। इसको लेकर शहरवासियों में भारी रोष है। अब इस पुल को अगस्त माह तक बहाल करने का लक्ष्य रखा है। करीब दस करोड़ की लागत से बना पुल पांच साल में जवाब दे गया है। सरकार ने इसको लेकर किसी तरह की जांच नहीं की है। रविवार को कुल्लू पहुंचे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने ब्यास नदी पर बने भूतनाथ पुल का दौरा किया और अधिकारियों को इसके उचित रखरखाव और मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस पुल की मरम्मत पर 2.75 करोड़ की राशि खर्च की जा रही है। जयराम ठाकुर ने कहा कि पुल की रीट्रोफिटिंग अंतरराष्ट्रीय कंपनी की ओर से की जा रही है। मुख्यमंत्री ने बस स्टैंड कुल्लू के पास स्थल का भी दौरा किया और अधिकारियों को क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए इस स्थान पर पार्किंग स्लॉट के निर्माण की संभावनाओं का पता लगाने के निर्देश दिए। यहां से मुख्यमंत्री सोमवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की अध्यक्षता में भाजपा मंडी संसदीय क्षेत्र की प्रस्तावित बैठक स्थल देव सदन पहुंचे और तैयारियों को जायजा लिया। इससे पहले उन्होंने सर्किट हाउस कुल्लू में भी जन शिकायतों को सुना और संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनकी शिकायतों का समाधान करने के निर्देश दिए। इस मौके पर शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर, विधायक सुरेंद्र शौरी, राकेश जमबाल, पूर्व सांसद महेश्वर सिंह, शिशु धर्मा, उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग, एसपी गुरुदेव शर्मा, लोनिवि के अधीक्षण अभियंता केके शर्मा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।