175 निजी स्कूलों की मान्यता पर संकट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जिला कुल्लू के करीब 175 निजी स्कूलों की मान्यता पर संकट के बादल छा गए हैं। उक्त स्कूलों के मान्यता नवीनीकरण के आवेदन में छंटनी के दौरान प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने शर्तें पूरी नहीं होने पर आपत्तियां लगाई हैं। आपत्तियां दूर करने के लिए प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने संबंधित निजी स्कूलों को पत्राचार किया है। आपत्तियां लगने की सूचना से निजी स्कूल प्रबंधन वर्ग में हड़कंप मचा हुआ है। कुल्लू जिला में करीब 200 निजी स्कूल हैं। उक्त स्कूलों ने मान्यता नवीनीकरण के लिए प्रारंभिक शिक्षा विभाग में आवेदन किया है। जिनकी छंटनी के दौरान करीब 175 स्कूलों के आवेदन में शर्तें पूरी नहीं पाई हैं।
केवल मात्र 25 निजी स्कूल ही आरटीई के प्रावधानों को पूरा कर पाए हैं। नवीनीकरण आवेदन में स्कूल में पढ़ा रहे शिक्षक टैट पास न होने पर विभाग ने ऑब्जेक्शन लगाए हैं। स्कूल में पढ़ाने वाले शिक्षकों का टैट पास होना जरूरी है, लेकिन रिन्यूल के लिए मिले निजी स्कूलों के आवेदन में यदि एक शिक्षक टैट पास है तो दूसरा बिना टैट पास वाला है। जिस पर विभाग ने आपत्ति लगाई है।
मान्यता रिन्यूवल के लिए सभी शर्तें पूरी न करने वाले निजी स्कूलों की मान्यता पर खतरा पैदा हो गया है। अगर स्कूल जल्द प्रारंभिक शिक्षा विभाग की आपत्तियों को दूर नहीं करते हैं तो स्कूल में आगामी कक्षाएं बिठाने को लेकर दिक्कतें पेश आ सकती हैं। इधर, प्रारंभिक शिक्षा विभाग कुल्लू के उपनिदेशक कुलवंत पठानिया ने बताया कि मान्यता नवीनीकरण के लिए शर्तें पूरी न करने वाले निजी स्कूलों के आवेदन पर ऑबजेक्शन लगाए गए हैं। इस संबंध में पत्राचार किया गया है। ऑबजेक्शन न हटाने व शर्तें न पूरी करने नियमानुसार कार्रवाई अमल पर लाई जाएगी।