मनाली (कुल्लू)। हिमाचल प्रदेश पर्यटन निगम के प्रबंध निदेशक डॉ. राजीव कुमार कुल्लू-मनाली के तीन दिवसीय दौरे के बाद लौट गए हैं। दो दिनों तक उन्होंने मनाली और लाहौल का दौरा कर पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए फीडबैक लिया। उन्होंने उपायुक्त कुल्लू और जिला पर्यटन अधिकारी के साथ बैठक कर पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नई परियोजनाओं पर चर्चा की।
प्रबंध निदेशक ने मनाली पहुंचने पर लोगहट्स के अलावा हिडिंबा कॉटेज, मनालसु, कुंजम होटल, क्लब हाउस, होटल नग्गर कैसल, कुल्लू के मोनाल कैफे, सरवरी होटल तथा सिल्वर मून का दौरा कर कारोबार बढ़ाने और पर्यटकों की ऑक्यूपेंसी बढ़ाने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने रविवार को लाहौल के जिस्पा का भी दौरा किया। उन्होंने पर्यटकों को दी जा रही सेवाओं में और सुधार करने के भी निर्देश दिए। इस अवसर पर उनके साथ पर्यटन निगम के स्थानीय अधिकारी भी मौजूद रहे। संवाद