राजा का तालाब (कांगड़ा)। उपमंडल जवाली के अंतर्गत ग्राम पंचायत हरनोटा के एयरफोर्स में तैनात जवान सार्जेंट संजीव कुमार (33) की ड्यूटी के दौरान दुर्घटना में मौत हो गई। जवान की मौत की सूचना मिलने के उपरांत परिवारजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गरीबी के साए से निकलकर और कड़ी मेहनत से 2012 में एयरफोर्स में नौकरी पाने वाले संजीव कुमार की मौत से हर कोई स्तब्ध हो गया। संजीव कुमार एफबीएसयू यूनिट राजा सांसी अमृतसर में तैनात थे। वीरवार देर शाम लगभग छह बजे फूलों से सजी एयरफोर्स की गाड़ी में जैसे ही संजीव कुमार की तिरंगे में लिपटी हुई पार्थिव देह उनके निवास स्थान हरनोटा पहुंची तो चारों तरफ चीख पुकार की आवाज से माहौल गमगीन हो गया। पिता जोगिंद्र सिंह, माता निर्मला देवी और पत्नी प्रिया कुमारी पर तो जैसे गमों का पहाड़ ही टूट पड़ा। भारत माता की जय, संजीव कुमार अमर रहे के नारों के बीच संजीव कुमार की अनंत यात्रा शुरू हुई। सैकड़ों लोगों ने नम आंखों से उनकी अंतिम यात्रा में शामिल होकर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि दी। मोक्षधाम में पहुंचने पर साथ आई एयरफोर्स की टीम ने संजीव कुमार की पार्थिव देह को सलामी दी। मोक्षधाम हरनोटा में उनके बड़े भाई रॉकी ने शाम लगभग सात बजे संजीव कुमार की चिता को मुखाग्नि दी। इस मौके पर तहसीलदार ज्वाली विनोद टंडन और पुलिस टीम जवाली ने संजीव कुमार की पार्थिव देह पर पुष्प गुच्छ अर्पित करके श्रद्धांजलि दी।
ग्राम पंचायत हरनोटा के उपप्रधान रफीक मुहम्मद संजू ने बताया कि संजीव कुमार पुत्र जोगिंदर सिंह की लगभग दो साल पहले ही शादी हुई थी। संजीव के बड़े भाई रॉकी भी भारतीय नौ सेना में केरल में तैनात हैं। पत्नी प्रिया कुमारी सरकारी अध्यापिका के रूप कार्यरत हैं। उपप्रधान ने बताया कि जवान संजीव कुमार बीते कल अमृतसर स्थित यूनिट में ड्यूटी देने के उपरांत अपनी बाइक पर सवार होकर क्वार्टर में वापस आ रहे थे। यूनिट के अंदर बने कैंपस में उनकी बाइक फिसल गई और वह घायल हो गए। इस दौरान साथियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी मौत हो गई। वह अपने पीछे माता–पिता, पत्नी व बड़ा भाई छोड़ गए हैं।