धर्मशाला। पुलिस मैदान धर्मशाला में आयोजित विरासत धर्मशाला फेस्टिवल के छठे दिन मुकेश चौहान एंड ग्रुप के कबीर गायन ने खूब समां बांधा। वहीं, हरियाणा के कलाकारों ने लोकनृत्य की प्रस्तुति से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इसके अलावा देश भर से आए कारीगरों की ओर से छात्रों-युवाओं और इच्छुक लोगों को क्राफ्ट बनाने के टिप्स भी सिखाए ।
वहीं वीरवार को हिमाचल प्रदेश के चंबा के रोशन लाल और कंचन देवी का मुसादा गायन और कब्बाली न्याजी एंड ग्रुप की प्रस्तुति मुख्य आकर्षण रहेगी। विरासत धर्मशाला कार्यक्रम में देश भर के कारीगरों के क्रॉफ्ट मुख्य आकर्षण बने हुए हैं। गुजराती, राजयस्थानी, मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश सहित अन्य राज्यों के कारीगरों की हस्तशिल्प कलाकारी हर किसी को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। कार्यक्रम के दौरान चार मई को सांस्कृतिक कार्यक्रम सायं छह बजे शुरू होगा। इस दौरान शहनाई वाद्यन रफीक मोहम्मद एवं ग्रुप, मुसादा गायन चंबा के रोशन लाल, कंचन देवी, जबकि मुख्य आकर्षण समी शाहिद न्याजी एंड ग्रुप की कब्बाली रहेगी। वहीं, पांच मई को शाम छह बजे रफीक मोहम्मद एंड ग्रुप का शहनाई वाद्यन, शाम सात बजे हिमाचली गदियाली लोकनृत्य एवं गायन वंशिका सांस्कृतिक ग्रुप की प्रस्तुति रहेगी, जबकि आठ बजे से खुशी शुभ एंड ग्रुप की सूफी गायन मुख्य आकर्षण रहेगा।