पुलिस जवान सचिन ने चमकाया हिमाचल का नाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डरोह (कांगड़ा)। गुड़गांव के कादरपुर में सीआरपीएफ की ओर से आयोजित अखिल भारतीय पुलिस शूटिंग स्पोर्ट्स प्रतियोगिता में हिमाचल पुलिस के जवान सचिन पाल ने बेहतरीन प्रदर्शन कर तीसरा स्थान हासिल किया है। हिमाचल पुलिस के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि किसी पुलिस जवान ने इस स्पर्धा में हिमाचल के नाम जीत दर्ज करवाई हो। पुलिस प्रशिक्षण केंद्र डरोह में बतौर लांस मुख्य आरक्षी सचिन पाल भवारना के निवासी हैं। जवान ने 10 मीटर एयर राइफल में तीसरा स्थान हासिल कर पुलिस विभाग के नाम कांस्य पदक किया है। सचिन को इस स्पर्धा में 600 में से 582 अंक मिले हैं।
शूटिंग स्पर्धा में पूूरे देश की 17-18 टीमों के शूटरों ने हिस्सा लिया। सचिन ने इससे पहले 7वीं अखिल भारतीय पुलिस शूटिंग स्पोर्ट्स स्पर्धा में 2013 में भी 5वां स्थान प्राप्त किया था। सचिन पहले भी कई शूटिंग प्रतियोगिताओं में महकमे का नाम रोशन कर चुके हैं। कुछ माह पूर्व ही सचिन ने 21वें राज्यस्तरीय ओपन शूटिंग चैंपियनशिप में भी सिल्वर मेडल जीता था। यहां तक कि सचिन ने भारतीय शूटिंग टीम में भी अपनी जगह बनाने के लिए आयोजित ट्रायलों में भी 34वां स्थान हासिल कर लिया हैं।
ओलंपिक में भारत का नाम रोशन करना है सपना : सचिन
सचिन पाल बताते हैं कि उनका एक ही उद्देश्य है कि वह भारतीय शूटिंग टीम में अपनी जगह बनाएं और ओलंपिक खेलों में भारत का नाम रोशन करें। उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग में व्यस्तता के चलते शूटिंग अभ्यास में इतना समय नहीं मिल पाता, बावजूद इसके वह दिन रात कड़ी मेहनत कर रहे हैं।