परागपुर (कांगड़ा)। परागपुर-सदवां-कलोहा सड़क पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा होते-होते टल गया। शुक्रवार की सुबह शाहपुर से अंबाला जा रहा एक परिवार उस समय मौत के मुंह से निकल आया, जब उनकी तेजरफ्तार कार ढांक (चट्टान) से टकराकर तीन बार पलट गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन कार सवार परिवार के सदस्यों को खरोंच तक नहीं आई और वे पूरी तरह सुरक्षित हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह दुर्घटना परागपुर और सदवां के बीच हुई। बताया जा रहा है कि कार तेज गति में थी और चालक ने नियंत्रण खो दिया। इसके चलते वह सीधे ढांक से टकरा गई और सड़क पर तीन पलटे खाकर खड़ी हो गई। दुर्घटनास्थल पर स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और कार सवार परिवार को बाहर निकाला। लोगों का कहना है कि इस स्थान पर पहले भी कई बार हादसे हो चुके हैं। बार-बार दुर्घटना होने का मुख्य कारण सड़क किनारे लगा एक आम का पेड़ है, जो तीखे मोड़ पर चालकों के लिए दृश्य को बुरी तरह बाधित करता है। नागरिकों ने कई बार प्रशासन से इस पेड़ को हटाने की गुहार लगाई है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। एसएचओ रक्कड़ संदीप पटियाल ने बताया कि कार में सवार परिवार सुरक्षित है। उन्होंने बताया कि यह दुर्घटना कार पलटने के कारण हुई है और इस संबंध में पुलिस ने अभी कोई मामला दर्ज नहीं किया है। परिवार को जरूरी सहायता प्रदान कर उन्हें आगे रवाना कर दिया गया है। संवाद