Himachal News: पालमपुर के निजी कॉलेज की एक छात्रा ने क्लास रूम में लगा लिया फंदा, मौत; जांच में जुटी पुलिस
कांगड़ा जिले के पालमपुर के निजी केएलबी कन्या महाविद्यालय में गुरुवार सुबह बीसीए प्रथम सेमेस्टर की छात्रा ने क्लासरूम में दुपट्टे को पंखे से बांधकर फंदा लगा लिया। पढ़ें पूरी खबर...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के पालमपुर के निजी केएलबी कन्या महाविद्यालय में गुरुवार सुबह बीसीए प्रथम सेमेस्टर की छात्रा ने क्लासरूम में दुपट्टे को पंखे से बांधकर फंदा लगा लिया। मृतक छात्रा बैजनाथ की है। पुलिस को मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने छात्रा का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। फोन कॉल और व्हाट़्सएप मैसेज की डिटेल खंगाली जा रही है। पुलिस के अनुसार छात्रा गुरुवार सुबह 7:00 बजे वाली बस में एक घंटा पहले कॉलेज पहुंच गई थी। कॉलेज पहुंचने के बाद छात्रा अकेले ही क्लासरूम में चली गई। उसने किसी से बात भी नहीं की। छात्रा वर्दी यानी पैंट-कमीज में थी। कमरे में जाने के बाद उसने दरवाजा बंद कर दिया था। इसके बाद जब किसी काम को लेकर अन्य छात्राएं कमरे में जाने लगीं तो अंदर से कमरा बंद था।
जब उन्होंने पिछले दरवाजे से देखा तो अंदर छात्रा फंदे से लटकी थी। इसे देखकर छात्राओं में चीख-पुकार मच गई और कॉलेज प्रशासन को सूचना दी। छात्रा के फंदा लगाने के बारे में पता चलने के बाद कॉलेज प्रशासन ने पुलिस को तुरंत सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया। छात्रा के पिता पंजाब में निजी कंपनी में कार्यरत हैं। पिता के घर पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। केएलबी कॉलेज के निदेशक डॉ. राजेंद्र कुमार ने कहा कि प्रबंधन और समस्त स्टाफ स्तब्ध है। छात्रा पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी अच्छी थी। छात्रा के परिजनों से इस बारे में बात हुई है, जिसमें उन्होंने बताया था कि लड़की गत दिवस से बीमार रही थी। छात्रा ने उन्हें कभी किसी तरह की शिकायत नहीं की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
छात्रा ने ऐसा कदम क्यों उठाया, नहीं चला पता
छात्रा के फंदा लगाने के पीछे क्या वजह रही, इसके बारे में अभी तक की जांच में कोई पता नहीं चला है। दूसरी ओर बड़ा सवाल है कि जब छात्रा वर्दी में कॉलेज पहुंची थी तो उसके पास फंदा लगाने के लिए दुपट्टा कहां से आया। कुछ लोगों का कहना है कि उसने दुपट्टा साथ ही लाया था। हालांकि, पुलिस ने इसके बारे में स्थिति स्पष्ट नहीं की है।
भारतीय न्याय संहिता की धारा 194 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। मामले में सभी बिंदुओं को खंगाला जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही पता चलेगा कि छात्रा ने फंदा क्यों लगाया। -अशोक रतन, एसपी कांगड़ा