धर्मशाला। फर्जी दुल्हन गिरोह की कस्टडी अब धर्मशाला पुलिस थाना के अंतर्गत योल चौकी ने ली है। नगरोटा बगवां पुलिस थाना में दर्ज मामले में आरोपी प्रदीप और राजप्रीत के पुलिस रिमांड समाप्त होने के बाद उन्हें दोबारा न्यायालय में पेश किया था। इससे पहले तीन आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। पुलिस चौकी योल में गिरोह के कलेड निवासी प्रदीप और राजप्रीत रिहालपुरा निवासी के खिलाफ पंजाब की युवती से शादी करवाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस चौकी योल में तंगरोटी के युवक ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि प्रदीप और आरती ने इसी वर्ष सितंबर में पंजाब के लुधियाणा की एक युवती से उसकी शादी करवाई थी। इसके लिए बिचौलिये ने 2.5 लाख रुपये ऐंठे थे। शादी के दो दिन बाद ही दुल्हन घर से भाग गई थी। पुलिस ने युवक की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की थी। इससे पहले नगरोटा बगवां पुलिस ने 15 नवंबर को धोखाधड़ी के आरोप में पटियालकड़ क्षेत्र के युवक की शिकायत पर बिचौलिये प्रदीप निवासी कलेड और राजप्रीत कौर निवासी रजापुर पती, डाकघर नूरपुर वेट तहसील व जिला लुधियाणा, रिहालपुरा निवासी आरती, रेणु निवासी हरमान नगर, गली नंबर-5, डाकघर डकोआ, जिला जालंधर (पंजाब) और बलवंत सिंह निवासी बडैच डाकघर सुईयापुर तहसील रायकोट जिला लुधियाणा को गिरफ्तार किया था। इन आरोपियों से नगरोटा बगवां पुलिस ने आभूषण और नकदी भी बरामद की थी। एसएचओ धर्मशाला संजय कुमार ने बताया कि फर्जी दुल्हन गिरोह पर योल चौकी मामले में दर्ज शिकायत में आरोपियों को कस्टडी में लिया है। न्यायालय ने आरोपियों को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। तंगरोटी के युवक से की गई धोखाधड़ी मामले में आरोपियों से पूछताछ की जाएगी।