कांगड़ा। उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कांगड़ा उपमंडल में विकास कार्यों का जायजा लिया। उनके साथ एसडीएम इशांत जसवाल भी मौजूद रहे। डीसी ने सर्वप्रथम बनेर खड्ड पर बन रहे बज्रेश्वरी घाट निर्माण कार्य का निरीक्षण कर समस्त कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को इस कार्य को अगले माह तक पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह घाट बज्रेश्वरी मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र होगा। यहां पर हरिद्वार की तरह संध्या आरती विशेष रूप से सभी को आकर्षित करेगी। इसके अतिरिक्त इस घाट पर भव्य स्टेज, चेंजिंग रूम, भव्य द्वार, पार्क, रोशनी और शौचालय जैसी सभी सुविधाएं होंगी। इसके उपरांत डीसी ओबीसी कार्यालय के साथ बने रहे आंगनबाड़ी भवन का निरीक्षण करने भी पहुंचे। उन्होंने इस कार्य को जल्द पूरा करने के अधिकारियों को निर्देश दिए। इसके बाद वह संयुक्त कार्यालय भवन कांगड़ा पहुंचे और वहां पर उन्होंने स्वयं सहायता समूह के लिए बनाए गए बिक्री केंद्र हिम ईरा शॉप का उद्घाटन किया। इस दौरान बीडीओ पारूल कटियार, ट्रस्ट सदस्य अशोक हिमाचली, उमाकांत, इशांत चौधरी, कैप्टन शैलेश आदि मौजूद रहे।